हरियाणा: बूंदाबांदी-तेज हवा से मिली गर्मी से राहत, मौसम हुआ सुहाना

प्रचंड गर्मी और भीषण लू झेल रहे प्रदेशवासियों को सोमवार से बड़ी राहत मिल सकती है। धूल भरी तेज हवा और बूंदाबांदी से अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। राहत के संकेत रविवार शाम को मिल गए। दिन में धूल भरी तेज हवा चलने के बाद शाम को रेवाड़ी में 15 मिनट तक बूंदाबांदी हुई। इसी के साथ बावल क्षेत्र में ओले भी गिरे। इससे कुछ स्थानों पर अधिकतम तापमान में 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई। 

हालांकि हिसार में लगातार चौथे दिन गर्मी चरम पर रही। 0.1 डिग्री की आंशिक गिरावट के साथ अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, सोनीपत में 6.1 डिग्री की गिरावट के साथ तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यमुनानगर में 5.6 डिग्री गिरावट आई है। प्रदेश में दिन का सबसे कम तापमान 36.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।   मौसम विभाग ने चार मई तक 40-50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। इस दौरान कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी हो सकती है।

दिल्ली, उत्तर पश्चिम भारत के लोगों को सोमवार से प्रचंड गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में सोमवार से गरज के साथ बारिश और धूल भरी आंधी चलने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक आरके जेनामणि ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान-अफगानिस्तान के नजदीक है और यह दिल्ली की ओर बढ़ रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here