हरियाणा: बॉयलर का ढक्कन खोलने के कारण गर्म गैस की चपेट में आकर सात मजदूर झुलसे

हरियाणा में फतेहाबाद जिले के गांव नागपुर में मढ़ रोड पर स्थित जैन ग्रुप की टायर से तेल निकालने की फैक्टरी में बुधवार दोपहर को हादसा हो गया। बॉयलर का ढक्कन खोलने से विस्फोट हो गया और सात मजदूर झुलस गए। हादसे में तीन मजदूर बुरी तरह से झुलस गए। उन्हें फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में लाया गया। यहां से तीनों को अग्रोहा मेडिकल रेफर कर दिया गया। 

एक मजदूर की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका शरीर पूरी तरह से झुलस गया है। गंभीर रूप से झुलसे मजदूरों की पहचान उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद निवासी मोमराज पुत्र मूलचंद, रूप किशोर पुत्र रामप्रसाद और प्रकाश पुत्र सोहनलाल के रूप में हुई है। इसके अलावा सुकुम, वीरपाल, अंकुर और प्रीतम भी चपेट में आकर झुलस गए। 

घटना की सूचना के बाद शहर थाना प्रभारी ओमप्रकाश चुघ टीम के साथ नागरिक अस्पताल पहुंचे। करीब एक घंटे बाद फैक्टरी संचालक अमित जाखड़ भी नागरिक अस्पताल पहुंचे। मामले के मुताबिक झुलसे मजदूर प्रीतम कुमार ने बताया कि गांव नागपुर में मढ़ रोड पर टायर से तेल निकालने की फैक्टरी है। इसमें करीब 12 मजदूर काम करते हैं। बुधवार दोपहर को करीब 12 बजे बॉयलर का ढक्कन खोला गया तो धमाका हुआ और गर्म गैस की चपेट में मजदूर आ गए। करीब सात मजदूर झुलस गए। जिसमें मोमराज, रूपकिशोर और प्रकाश गंभीर रूप से झुलस गए। सुबह करीब आठ बजे फैक्टरी में काम शुरू किया गया था और बॉयलर में टायर डालकर तेल निकालने का प्रोसेस शुरू किया था। दोपहर 12 बजे जैसे ही ढक्कन खोला तो हादसा हो गया।

फैक्टरी में लगे है तीन बॉयलर
गांव नागपुर में मढ़ रोड पर स्थित फैक्टरी में तीन बॉयलर लगे हैं, जिसमें पुराने टायरों से तेल निकाला जाता है। मजदूर प्रीतम के मुताबिक एक टंकी करीब 15 टन की है।
 फैक्टरी में रूटीन की तरह ही काम चल रहा था। मौके पर मजदूरों ने जब बॉयलर का ढक्कन खोला तो अचानक गैस बनने से हादसा हो गया और मजदूर झुलस गए। मजदूरों की हालत सही है। – अमित जाखड़, फैक्टरी, संचालक।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here