हरियाणा : सोनीपत में युवक की गोली मार कर हत्या

हरियाणा के सोनीपत में एक बार फिर गोलियां चली हैं। गन्नौर क्षेत्र के गांव राजपुर में घर के चौबारे में सो रहे एक युवक की गोली मार कर हत्या कर दी गई। मृतक राजपुर गांव का ही रहने वाला रोहित (25) है और अभी वह दिल्ली में सरकारी जॉब में था। वारदात की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। रोहित को दो गोलियां लगी मिली हैं। पुलिस की जांच जारी है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेजा गया है।

गन्नौर क्षेत्र के गांव राजपुर का रोहित दिल्ली में सीपीडब्ल्यूडी में नौकरी करता था। आम दिन की तरह वह रात को घर में उपर के कमरे में सोया था। शनिवार सुबह वह देर तक नहीं उठा तो परिजन उसे जगाने के लिए कमरे में गए। राहित की मौत हो चुकी थी और वह लहूलुहान हालत में पड़ा था। मर्डर की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम को भी वारदात की सूचना दी गई।

पुलिस की छानबीन चल रही है। परिजनों से बात कर हत्या कराने वालों का सुराग जुटाया जा रहा है। मौके से पुलिस ने गोली का एक खोल बरामद किया है। थाना बड़ी पुलिस इसमें कार्रवाई कर रही है। बड़ी औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी संदीप कुमार टीम सहित मौके पर पहुंचे। वहीं एसीपी आत्माराम और एसएचओ संदीप कुमार भी मौके पर पहुंचे।

सोनीपत में एक पखवाड़े में गुंडागर्दी की कई वारदात हो चुकी है। 15 दिन में गैंगवार के चलते तीन युवकों की गोलियां मार कर हत्या हो चुकी है। रोहित मर्डर में अब पुलिस हत्या के कारणों की तलाश में जुटी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here