HDFC का शेयर 6% टूटा, सेंसेक्स 694 अंक नीचे गिरा

कमजोर ग्लोबल संकेतों के बीच शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजार में गिरावट देखने को मिली। सेंसेक्स 694 अंक गिरकर 61,054 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी भी 186 अंक गिरा। ये 18,069 के स्तर पर बंद हुआ। बाजार की कमजोरी में मेटल और बैंक शेयर सबसे आगे रहे।

सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 20 में गिरावट और 10 में बढ़त रही। गुरुवार को अडाणी एंटरप्राइजेज और HDFC ने चौथी तिमाही के नतीजे घोषित किए थे। आज अडाणी एंटरप्राइजेज का शेयर 0.42% की मजबूती के साथ बंद हुआ। वहीं HDFC करीब 6% टूटकर बंद हुआ।

निफ्टी प्राइवेट बैंक इंडेक्स 2.82% टूटा
आज के कारोबार में बैंक निफ्टी करीब 2.34% टूटा। प्राइवेट बैंक भी 2.82% कमजोर हुआ। वहीं मेटल इंडेक्स 1.49% और मीडिया 1.74% टूटा। आईटी 0.59%, रियल्टी 0.30% और फार्मा इंडेक्स भी 0.37% कमजोर हुआ है। ऑटो और FMCG में खरीदारी दिखी। ऑटो 0.4% और FMCG इंडेक्स 0.27% चढ़ा।

अडाणी ग्रुप के 6 शेयरों में गिरावट
अडाणी ग्रुप के 10 शेयरों में से 4 में तेजी रही। अंबुजा सीमेंट सबसे ज्यादा 3.15% चढ़कर बंद हुआ। अडाणी एंटरप्राइजेज, पावर और पोर्ट करीब आधा फीसदी चढ़े। वहीं 6 शेयरों में बिकवाली रही। अडाणी ट्रांसमिशन और अडाणी टोटल गैस सबसे ज्यादा 1.24% टूटकर बंद हुए। NDTV में 1.06%, अडाणी ग्रीन और विल्मर 0.5% कमजोर हुए।

FII और DII दोनों की बाजार में खरीदारी
गुरूवार यानी 4 मई 2023 के कारोबार में फॉरेन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (FII) और डोमेस्टिक इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (DII) नेट बायर्स रहें। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर उपलब्ध प्रोविजनल डाटा के अनुसार FII ने बाजार में 1414.73 करोड़ की खरीदारी की। DII ने भी करीब 441.56 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

लगातार चौथे दिन गिरा अमेरिकी बाजार
गुरूवार को लगातार चौथे दिन अमेरिकी बाजारों में बिकवाली दिखी। बैंकिंग सेक्‍टर क्राइसिस और अर्निंग सीजन के बीच बाजार पर दबाव बना हुआ है। गुरूवार को डाउ जोन्स 287 अंकों की कमजोरी के साथ 33,127.74 के लेवल पर बंद हुआ। S&P 500 इंडेक्‍स में 30 अंकों की गिरावट रही और यह 4,061.22 के लेवल पर बंद हुआ। नैस्डेक भी करीब 59 अंक टूटकर 11,966.40 के लेवल पर बंद हुआ। एशियाई बाजारों में भी कमजोरी है।

गुरुवार को सेंसेक्स 555 अंक चढ़ा था
कल यानी गुरुवार 4 मई को भारतीय शेयर बाजार में तेजी देखने को मिली थी। ये 555 अंक चढ़कर 61,749 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी में भी 165 अंकों की तेजी रही। ये 18,255 के स्तर पर बंद हुआ।बाजार को मेटल और सरकारी बैंकों के शेयरों से सपोर्ट मिला।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here