हिमाचल: सचिवालय में सीएम सुक्खू ने प्रतिभा का किया स्वागत

हिमाचल प्रदेश के नवनियुक्त मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री शपथ ग्रहण करने के बाद सोमवार को पहली बार सचिवालय पहुंचे। सचिवालय गेट के बाहर पुलिस की ओर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। हिमाचल प्रदेश सचिवालय सेवाएं (राजपत्रित कर्मचारी) संघ की ओर से नवनियुक्त मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया। कर्मचारियों ने उन्हें फूलमालाएं पहनाईं। वहीं प्रदेशभर से आए लोगों ने भी मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री को बधाई दी। 

मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश की जनता ने मुझे सेवा का मौका दिया है। इसके लिए वे लोगों के आभारी हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि राज्य में महिलाओं, किसानों, बागवानों, बुजुर्गों और युवाओं सहित सभी वर्गों के हितों का ध्यान रखा जाएगा। पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर को श्रेय देते हुए कहा कि वरिष्ठ नेताओं ने मेहनत करके पार्टी को आगे बढ़ाया है। इनके मार्गदर्शन में सरकार काम करेगी और प्रदेश का विकास किया जाएगा।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष व सांसद प्रतिभा सिंह भी मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को बधाई देने सचिवालय पहुंचीं तो सीएम बोले- मैं स्वागत करूंगा। सीएम ने प्रतिभा सिंह को माता की चुनरी और गुलदस्ता भेंट किया। सुक्खू ने मजाकिया लहजे में कहा कि मैं पहले कांग्रेस का मुख्यमंत्री हूं और कांग्रेस का मुख्यमंत्री प्रदेश अध्यक्ष के अंडर आता है। मैं विधायकों का मुख्यमंत्री हूं उसकी सदस्य आप हो। इस दौरान खूब ठहाके लगे। शिमला ग्रामीण से कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य भी इस दौरान मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here