हिमाचल चुनाव: महेश्वर को मना रहे नड्डा-जयराम, टिकट कटने पर निर्दलीय लड़ रहे पूर्व सांसद

कुल्लू से बागी होकर निर्दलीय चुनाव लड़ने जा रहे पूर्व सांसद एवं विधायक महेश्वर सिंह को मनाने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा बिलासपुर से शिमला पहुंचे हैं। नड्डा ने महेश्वर सिंह को कुल्लू से शिमला बुलाया है। उन्हें शिमला लाने के लिए भाजपा अध्यक्ष ने चौपर भेजा। अब राज्य अतिथि गृह शिमला में नड्डा और महेश्वर सिंह में मंत्रणा हो रही है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी यहां मौजूद हैं।

दरअसल भाजपा ने पहले महेश्वर सिंह को टिकट दे दिया था, मगर महेश्वर सिंह के बेटे हितेश्वर सिंह भी बागी होकर बंजार से निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। बेटे हितेश्वर सिंह को मनाने में महेश्वर सिंह नाकामयाब रहे। इस पर भाजपा ने महेश्वर सिंह का टिकट काट दिया और नरोत्तम ठाकुर को टिकट दिया। महेश्वर सिंह भाजपा प्रत्याशी के रूप में पहले ही नामांकन भर चुके थे। उन्होंने दूसरी बार बतौर निर्दलीय प्रत्याशी नामांकन भर दिया।

बागी हुए महेश्वर कुल्लू और उनके बेटे हितेश्वर बंजार में भाजपा की मुश्किलें बढ़ा रहे हैं। ऐसे में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने गंभीरता दर्शाते हुए महेश्वर सिंह को गुरुवार को कुल्लू से शिमला बुला लिया। महेश्वर सिंह भाजपा के भेजे चौपर से शिमला आए।

नड्डा और जयराम ठाकुर दोनों भी शिमला पहुंचे। इस समय पीटरहॉफ में महेश्वर सिंह को मनाने का दौर चल रहा है। बतौर भाजपा प्रत्याशी महेश्वर सिंह का नामांकन गुरुवार को छंटनी में रद्द हो चुका है। पर 29 अक्तूबर को नामांकन वापसी का अंतिम दिन है तो तब तक भाजपा अगर महेश्वर सिंह को बैठाने में कामयाब रही तो स्थिति कुछ और हो सकती है।

हालांकि कुल्लू से ही भाजपा के एक अन्य नेता राम सिंह भी बगावती रुख अपनाकर निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। वह 2012 में भाजपा के प्रत्याशी रह चुके हैं। कांग्रेस ने यहां विधायक सुंदर सिंह ठाकुर को ही टिकट दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here