हिमाचल: सीएम सुक्खू ने इस्तीफे की खबरों को बताया अफवाह

हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार के पास बहुमत होने के बावजूद राज्यसभा की सीट भाजपा की झोली में जाने से प्रदेश में सियासी हलचल तेज हो गई है। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया हैं। भाजपा के 15 विधायक सदन ने निलंबित कर दिए गए हैं।

सरकार नैतिक अधिकार खो चुकी: जयराम
हिमाचल प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा- यह सरकार सत्ता में रहने का नैतिक अधिकार खो चुकी है। जहां तक मुझे जानकारी मिली है कि मुख्यमंत्री सुक्खू ने भी अपना इस्तीफा पेश कर दिया है या हो सकता है कि आलाकमान ने उनसे मांगा हो, मुझे पता नहीं है। जयराम ठाकुर ने कहा कि आज वही हुआ जिसकी हमें आशंका थी। हमने सुबह राज्यपाल से मुलाकात की थी और हमने कहा था कि बजट पास कराने के लिए कांग्रेस के पास बहुमत नहीं है। ऐसे में वे भाजपा के विधायकों को निलंबित करेंगे… आज सदन में आते ही संसदीय कार्य मंत्री की ओर से प्रस्ताव लाया गया और 15 विधानसभा सदस्यों को निलंबित करने के लिए कहा गया। हमें मार्शल के माध्यम से बाहर जाने के लिए विवश किया गया, यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। सदन में निलंबन का प्रावधान तब होता है, जब हम सदन की कार्यवाही में बाधा डालें। हम चर्चा के लिए तैयार थे। 

जयराम बोले-बजट पास करने के लिए हुआ हमारा निलंबन
सदन में जयराम ठाकुर ने कहा कि बजट पास करने के लिए हमारा निलंबन हुआ है। यह सरकार तो गिरी हुई है। साढ़े तीन बजे इन्होंने बजट पारित कर दिया। नैतिकता के आधार पर सरकार को इस्तीफा देना चाहिए। विक्रमादित्य सिंह ने भी इस्तीफा दिया है। इनके साथ तो विपक्ष से भी बुरा हुआ है। इसके बाद प्रतिपक्ष के विधायक सदन से उठकर लंच करने के लिए चले गए। 

सदन में गतिरोध, बैठक नहीं हो पाई शुरू
विधानसभा सदन की बैठक शुरू नहीं हो पाई है। सदन में गतिरोध बना हुआ है। विधानसभा सचिव यशपाल शर्मा ने भी नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर से अनुरोध किया कि वे सदन से बाहर जाएं। लेकिन जयराम वह अपनी सीट से नहीं उठ रहे हैं। वहीं, सत्तापक्ष सदन में मौजूद है।

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि उनके इस्तीफे की खबरें निराधार हैं। कांग्रेस हाईकमान की तरफ से नियुक्त पर्यवेक्षक अभी शिमला नहीं पहुंचे हैं। विपक्ष की ओर से फैलाई जा रही अफवाहों पर विश्वास न करें। भाजपा लोकतंत्र की हत्या करने पर उतारू है।  पार्टी हाईकमान का विश्वास पूरी तरह कायम है। मीडिया के सभी वरिष्ठ साथियों से अनुरोध है कि बेबुनियाद खबरें चलाने से बचें। मुख्यमंत्री सुक्खू ने स्वयं सोशल मीडिया पर यह जानकारी दी। 

जयराम ने मुख्यमंत्री के इस्तीफे की बात कही, सुंदर ठाकुर ने खारिज किया बयान
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री ने इस्तीफा दे दिया है। वहीं, कांग्रेस विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने इस बयान को नकार दिया है। सीएम अपने चैंबर में बैठे हैं। उनके कार्यालय से बताया गया है कि यह महज अफवाह है कि सीएम ने इस्तीफा दिया है। उधर, सदन से निलंबित भाजपा विधायकों को मार्शल की ओर से एक-एक कर बाहर निकाला जा रहा है। मार्शल विधायक बलवीर वर्मा, सुरेंद्र शौरी को पकड़कर सदन से बाहर ले गए हैं। सदन में हंसराज ने कहा- कोई तो उठाओ। इसके बाद  मार्शल उन्हें पकड़कर बाहर ले गए। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here