हिमाचल: आज से ओलावृष्टि और आंधी का येलो अलर्ट जारी

हिमाचल प्रदेश में आज से मौसम करवट बदलेगा। मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में एक दो जगह पर वर्षा की संभावना जताई है। आज रविवार से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 16 व 17 मई को ओलावृष्टि और आंधी का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इससे अधिकतम के साथ न्यूनतम तापमान में गिरावट आने की संभावना है। हवा में आद्रता की मात्रा घटेगी। 16 व 17 मई को लाहुल स्पीति को छोड़ 11 जिलों में आंधी व ओलावृष्टि को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। बारिश से किसानों को राहत मिलेगी।

हिमाचल प्रदेश में इस बार मानसून 10 से 20 जून तक पहुंचने का अनुमान है। ऐसा लगातार दूसरे वर्ष है जब प्रदेश में मानसून समय से पूर्व दस्तक देगा। मौसम विभाग के अनुसार जिस तरह से मानसून ने ओडिशा में दस्तक दी है उस हिसाब से मानसून समय से पूर्व हिमाचल पहुंचेगा। मानसून के केरल पहुंचने पर इसका सही अंदाजा लगाया जा सकता है।

वर्ष 2021 में प्रदेश में मानसून 13 जून को पहुंच गया था, जबकि सामान्य तौर पर 26 जून तक पहुंचता है। वर्ष 2021 में प्री मानसून के दौरान 210 मिलीमीटर बारिश हुई थी, जो सामान्य से 10 प्रतिशत कम थी। मानसून और प्री मानसून के दौरान बीते वर्ष 70 बार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ। इस बार फरवरी, मार्च और अप्रैल में सूखे के कारण बहुत नुकसान हुआ है। विभाग के अनुसार इस बार मानसून के दौरान अच्छी बारिश होने की संभावना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here