बिखर रहा इंडी अलायन्स, राजनाथ सिंह बोले- कांग्रेस के लिए परिवार ही सबकुछ

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मध्य प्रदेश के ग्वालियर में प्रचार करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। राजनाथ ने दावा किया कि जहां-जहां कांग्रेस की सरकारें हैं, वहां सरकारी  कर्मचारियों को समय से वेतन मिलना मुश्किल हो जाता है। उन्होंने कहा कि जो योजनाएं शिवराज सिंह चौहान ने मध्य प्रदेश में लागू की हैं मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि देश के किसी राज्य में इतनी योजनाएं किसी मुख्यमंत्री ने नहीं की होगी। उन्होंने कहा कि बीजेपी का मानना ​​है कि जनता ही सबकुछ है और कांग्रेस के लिए परिवार ही सबकुछ है। 

रक्षा मंत्री ने कहा कि जो मध्य प्रदेश 2003 में बीमारू राज्य माना जाता था वह राज्य आज विकासशील राज्य बन तेज़ी से विकसित हो रहा है। अब मध्य प्रदेश लंबी छलांग लगाने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि अकेले कोई दल भाजपा को हरा नहीं पा रहा है। इन्होंने मोदी विरोध के नाम पर इंडी अलायन्स बनाया है। मगर साथ साथ होकर भी साथ नहीं है। एक दूसरे के ख़िलाफ़ ये चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारी कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है। हम जो कहते हैं, वो करते हैं। यही हमारे दल की सबसे बड़ी पूँजी है। उन्होंने कहा कि इंडी अलाइंस बिखर रहा है। यह भानुमती का कुनबा है। यह मध्य प्रदेश में एक दूसरे के ख़िलाफ़ ही ताल ठोंक रहे हैं। 

रायसेन में राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस की जितनी भी केंद्र में सरकारें रही हैं उन पर भ्रष्टाचार का आरोप लगा है। उन्होंने कहा कि भारत क्या दुनिया में कोई नहीं कह सकता कि हमारे किसी भी मंत्री ने भ्रष्टाचार किया है। उन्होंने कहा कि हमारे यहां किसी पर भ्रष्टाचार का आरोप लग जाएगा तो हम सीधे निकाल बाहर करेंगे, बिल्कुल दूध में गिरी मक्खी की तरह… हम केवल सरकार बनाने के लिए नहीं बल्कि देश बनाने के लिए पार्टी चलाते हैं। उन्होंने कहा कि जो काम कांग्रेस पचास-पचपन साल में नहीं कर पाई वह हमारी सरकारों ने कुछ वर्षों में करके दिखाया है। मध्य प्रदेश की विकास दर भारत की औसत विकास दर से अधिक है। यही कारण है कि आज मध्य प्रदेश बीमारू राज्य की श्रेणी से बाहर निकल आया है। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here