जालंधर: आपसी विवाद में दो गुटों में चली गोलियां

पंजाब के जालंधर शहर में अराजक गतिविधियां दिन प्रतिदिन बढ़ती ही जा रही हैं। हथियारों का चलन तो आम हो गया है। गोपाल नगर में रात को दो गुट आपस में भिड़ गए। दोनों के बीच गोलियां चली। इसी दौरान वहां से अपने घर जा रहे एक परिवार के व्यक्ति की टांग में गोली आकर लग गई। उसे तुरंत सिविल अस्पताल में पहुंचाया गया।

जालंधर के धोगड़ी मोहल्ले के रहने वाले हरमेल सिंह अपने परिवार के साथ गोपाल नगर में अपने ससुराल आए हुए थे। रात को डिनर के बाद वह अपनी पत्नी और बेटी के साथ स्कूटर पर धोगड़ी मोहल्ले को वापस लौट रहे थे। गोपाल नगर में जैसे ही वह प्रकाश बेकरी के पास पहुंचे तो वहां पर उन्होंने देखा कि दो गुटों में गोलियां चल रही थीं। अभी वह अपने परिवार के साथ सुरक्षित स्थान पर जाने के बारे में सोच ही रही थे कि इतने में आकर एक गोली उनकी टांग में आ लगी। वह वहीं पर गिर गए।

तुरंत प्रभाव से परिजनों ने उसे सिविल अस्पताल में पहुंचाया। चिकित्सकों ने रात को उनकी टांग से गोली निकाली और उन्हें अस्पताल में भर्ती कर लिया। हरमेल ने कहा कि शुक्र है कि गोली उनकी टांग में लगी। स्कूटर पर आगे उनकी बेटी थी। मैं खुद चला रहा था। किसी की जान भी जा सकती थी। हालांकि गोलीबारी की यह सारी घटना सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हो गई है।

हैरानी की बात यह है कि गोली लगने के बाद हरमेल सिविल अस्पताल में भी पहुंच गया, लेकिन मौके पर पुलिस नहीं पहुंची। जबकि गोलियां चलने की सूचना तुरंत लोगों ने पुलिस को दी थी। सिविल अस्पताल में भी पुलिस पीड़ित को देखने के लिए देर रात तक नहीं पहुंची। फायरिंग करने वाले पांच लोग थे। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार पहले वह किसी के पीछे भागते हैं, लेकिन जब हाथ कुछ नहीं लगता तो वापस फिर आते हैं और एक कार में सवार होकर फरार हो जाते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here