जियो का दबदबा फिर कायम:देशभर में कुल कस्टमर्स 41 करोड़ से ज्यादा हुए, 15 महीने के बाद Vi को मिले 6.5 लाख नए ग्राहक

देश की सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी रिलायंस जियो के सब्सक्राइबर्स की संख्या 414.9 मिलियन (41 करोड़ से ज्यादा) हो गई है। टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) के मुताबिक, रिलायंस जियो ने फरवरी 2021 में अपने नेटवर्क से 4.2 मिलियन (42 लाख) नए सब्सक्राइबर्स जोड़े। वहीं, 15 महीने के बाद वोडाफोन आइडिया (Vi) भी नए सब्सक्राइबर्स को जोड़ने में कामयाब रही है।

अक्टूबर 2019 के बाद Vi को इतने सारे नए सब्सक्राइबर्स मिले ट्राई के मुताबिक, अक्टूबर 2019 के बाद एक बार फिर वोडाफोन आइडिया (Vi) से नए कस्टमर जुड़े हैं। बीते फरवरी Vi ने कुल 6.5 लाख नए सब्सक्राइबर्स जोड़े। जिसके चलते उसके पास कुल 282.6 मिलियन (28 करोड़ से ज्यादा) सब्सक्राइबर्स हो गए हैं। दूसरी तरफ, एयरटेल ने इस दौरान 3.7 मिलियन (37 लाख) नए सब्सक्राइबर्स जोड़े। उसके पास कुल 348.3 मिलियन (34 करोड़ से ज्यादा) सब्सक्राइबर्स हो गए हैं।

किसान आंदोलन से जियो को हुआ था नुकसान
किसान आंदोलन की चलते रिलायंस जियो के खिलाफ देशभर में निगेटिव माहौल बना था। इसकी के चलते उसे नए सब्सक्राइबर्स का नुकसान हुआ था। हालांकि, जब ये मामला शांत हुआ तब लोग वापस जियो की तरफ जाने लगे। जियो ने जनवरी 2021 में 19 लाख और फरवरी 2021 में 42 लाख से ज्यादा नए सब्सक्राइबर्स जोड़े। इस तरह दो महीने में उसने 61 लाख से ज्यादा नए सब्सक्राइबर्स जोड़े।

दूसरी तरफ, जनवरी में एयरटेल ने तो 58 लाख नए सब्सक्राइबर्स जोड़े थे, लेकिन अगले महीने उसने 37 लाख नए सब्सक्राइबर्स जोड़े। यानी दो महीने के दौरान कंपनी को कुल 95 लाख नए कस्टमर्स मिले।

जियो के पास 42.62 करोड़ सब्सक्राइबर्स
रिलायंस जियो ने कहा है कि साल की पहली तिमाही (जनवरी से मार्च) तक उसके पास 42.62 करोड़ सब्सक्राइबर्स हो चुके हैं। दिसंबर 2020 आखिर में एयरटेल सब्सक्राइबर्स की संख्या करीब 30.8 करोड़ और वोडाफोन-आइडिया के सब्सक्राइबर्स की संख्या करीब 26.98 करोड़ थी। दोनों कंपनियों ने अभी मार्च तिमाही के अपने आंकड़े घोषित नहीं किए हैं।

जियो और एयरटेल का मार्केट शेयर भी बढ़ा
ट्राई की रिपोर्ट के मुताबिक, फरवरी 2021 में अलग-अलग टेलीकॉम कंपनियों ने कुल 82 लाख नए सब्सक्राइबर जोड़े हैं। मंथली ग्रोथ की बात करें तो ग्रामीण इलाकों में कुल 0.44% और शहरी इलाकों में 0.94% ग्रोथ दर्ज हुई है। इस दौरान रिलायंस जियो और एयरटेल का कस्टमर मार्केट शेयर भी बढ़ा है। जियो का कस्टमर मार्केट शेयर 35.43% से बढ़कर 35.54% हो गया है। वहीं, एयरटेल का कस्टमर मार्केट शेयर 29.72% से बढ़कर 29.83% हो गया है। BSNL-MTNL के पास महज 10% मार्केट शेयर है।

मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ में भी जियो नंबर-1
फरवरी 2021 में मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ में मोबाइल ग्राहकों की संख्या 7.66 करोड़ हो गई है। जियो सर्किल में पहले स्थान पर कायम है। ट्राई के मुताबिक मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ में रिलायंस जियो ने फरवरी 2021 में 3.5 लाख नए ग्राहक जोड़े हैं। अब जियो के 3.37 करोड़ ग्राहक हैं। वहीं, भारती एयरटेल के ग्राहक 2.69 लाख बढ़कर 1.52 करोड़ हो गए हैं। वोडाफोन आइडिया (Vi) के ग्राहकों की संख्या घटकर 2.13 करोड़ हो गई है। इसी तरह, BSNL के ग्राहकों की संख्या घटकर 62.5 लाख हो गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here