राष्ट्रपति चुनाव में एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करेगी जेएमएम

रांची. राष्ट्रपति चुनाव को लेकर झारखंड में व्याप्त सस्पेंस खत्म हो गया है. सत्ता में काबिज जेएमएम ने राष्ट्रपति पद के लिए NDA उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने की औपचारिक घोषणा कर दी है. समर्थन की घोषणाा जेएमएम अध्यक्ष शिबू सोरेन ने की.

जेएमएम अध्यक्ष शिबू सोरेन ने इससे संबंधित पत्र जारी करते हुए कहा कि आजादी के बाद पहली बार देश में किसी आदिवासी महिला को राष्ट्रपति बनने गौरव प्राप्त होने जा रहा है. ऐसे में विचार-विमर्श के बाद तय हुआ कि द्रौपदी मुर्मू को पार्टी का समर्थन दिया जाएगा. 18 जुलाई को होने वाले चुनाव में जेएमएम के विधायक और सांसद द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में मतदान करेंगे. जाहिर है शिबू सोरेन के इस निर्देश के बाद जेएमएम के 30 विधायक और 3 सांसद द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में मतदान करेंगे.

इससे पहले जेएमएम के कई विधायकों ने भी बैठक के दौरान द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने का प्रस्ताव रखा था. जेएमएम के इस निर्णय की संभावना पहले से ही जताई जा रही थी. जेएमएम ने ये फैसला ऐसे समय पर किया, जब 16 जुलाई को UPA उम्मीदवार यशवंत सिन्हा के झारखंड आने का कार्यक्रम तय है. कांग्रेस विधायक और सांसदों के साथ उनकी बैठक होनी है. NDA उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करने के पीछे कई कारण बताए जा रहे हैं. द्रौपदी मुर्मू के साथ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन परिवार के अच्छे संबंध भी इसकी प्रमुख वजह है.

ध्यान रहे कि झारखंड की राजनीति में आदिवासी समाज हमेशा से ही केंद्र बिंदु में रहा है. ऐसे में आदिवासी समाज के हित की बात करने वाले और आदिवासी समाज के विकास के लिए लंबे समय से लड़ाई लड़ने वाले जेएमएम का द्रौपदी मुर्मू के साथ जाना तय था. अब ये देखना होगा कि इस निर्णय का गठबंधन सरकार पर कोई असर पड़ता है या नहीं. प्रदेश कांग्रेस के नेता भी ये मान कर चल रहे थे कि जेएमएम द्रौपदी मुर्मू का ही समर्थन करेगा.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here