दिल्ली को लंदन-पेरिस बनाने का किया वादा, अब असम से करने लगे तुलना: हिमंत

गुवाहाटी। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने रविवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल को दिल्ली की तुलना न्यूयॉर्क, टोक्यों से करनी चाहिए थी लेकिन वो दिल्ली की तुलना गुवाहाटी, शिलांग से कर रहे हैं। दरअसल, दोनों मुख्यमंत्रियों का एक-दूसरे पर वाकयुद्ध जारी है और दोनों की एक-दूसरे पर बरसने का कोई भी मौका नहीं छोड़ते हैं।

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि केजरीवाल दिल्ली के मुख्यमंत्री हैं, दिल्ली मुगलों के ज़माने से भारत की राजधानी रही है। केजरीवाल जी को दिल्ली की तुलना न्यूयॉर्क, टोक्यो से करनी चाहिए थी लेकिन वे दिल्ली की तुलना गुवाहाटी, शिलांग से कर रहे हैं। मेरे पास दिल्ली जितने अच्छे संसाधन नहीं हैं लेकिन वह 1,200 स्कूल चलाते हैं और मैं 40,000 स्कूल चलाता हूं।

उन्होंने कहा कि वे बार-बार बोलते हैं आप मुझे असम बुलाइए तो उन्हें यहां आने में कोई मनाही नहीं है। उन्होंने कहा कि मैं मनीष सिसोदिया को पहले ही आमंत्रित कर चुका हूं, उन्हें कोर्ट से भी नोटिस मिला होगा। 

कब शुरू हुआ दोनों के बीच वाकयुद्ध ?

दरअसल, खराब नतीजों के चलते असम की 34 स्कूल बंद होने की खबर को लेकर अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि स्कूल बंद करना समाधान नहीं है। हमें तो अभी पूरे देश में ढेरों नए स्कूल खोलने की ज़रूरत है। स्कूल बंद करने की बजाय स्कूल को सुधार कर पढ़ाई ठीक कीजिए। इस पर असम के मंत्री पीयूष हजारिका ने पलटवार करते हुए कहा था कि सबसे पहली बात कि असम में स्कूलों को बंद नहीं किया जा रहा है, बल्कि समग्र शैक्षिक वातावरण में सुधार के लिए समामेलित किया जा रहा है!

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here