खाप पंचायतों ने भाजपा-जजपा नेताओं को गांव में आने जाने की इजाजत दी

हरियाणा में किसान आंदोलन के दौरान शुरू किया गया भाजपा और जजपा नेताओं का विरोध अब किसानों ने बंद कर दिया है। किसान आंदोलन स्थगित होने के साथ ही अब उनका विरोध किए जाने का फैसला भी वापस ले लिया है।

इस बारे में रविवार को गांव धनाना में सर्व जातीय जाटू खाप-84 के प्रतिनिधियों ने बैठक कर एलान किया। दूसरी ओर सांगवान खाप ने भी संदेश जारी करते हुए कहा है कि अब भाजपा और जजपा के सभी नेता या कार्यकर्ता किसी भी गांव में कभी भी आ जा सकते हैं। किसानों द्वारा उनका कोई विरोध नहीं किया जाएगा।

सर्व जातीय जाटू खाप-84 की बैठक शनिवार को गांव धनाना के एतिहासिक बंगले में हुई। बैठक की अध्यक्षता खाप प्रधान सूबेदार राजमल सिंह ने की। बैठक में घोषणा की गई कि भारतीय जनता पार्टी और जननायक जनता पार्टी के नेताओं पर लगा प्रतिबंध हटा दिया गया है। बैठक में मौजूद सभी लोगों ने भी इस फैसले पर सहमति जताई।


चतर सिंह बने शहीद भगत सिंह मेमोरियल पार्क प्रबंधक ट्रस्ट के प्रधान
सर्व जातीय जाटू खाप-84 की बैठक में शहीद भगत सिंह मेमोरियल पार्क प्रबंधन ट्रस्ट धनाना की कार्यकारिणी का चुनाव भी किया गया। विभिन्न गांव से उपस्थित नागरिकों ने ट्रस्ट के लिए चतर सिंह घनघस सेवानिवृत्त एडिशनल सब डिविजनल इंजीनियर को प्रधान, प्रेम धनाना व धर्मवीर कुंगड़ को उपप्रधान, मास्टर राज सिंह जताई को सचिव, दिलीप शर्मा धनाना को सह सचिव, जीत सिंह कोषाध्यक्ष व ट्रस्टी के रूप में सतपाल पूर्व सरपंच घुसकानी, नफे सिंह कुचपड़, बलराज शिवाड़ा, कैप्टन भीम सिंह मिताथल, पूर्व चेयरमैन दिलबाग सिंह तालु को सर्वसम्मति से 3 साल के लिए ट्रस्ट का पदाधिकारी नियुक्त किया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों की उपस्थिति में ट्रस्ट के सदस्यों ने कृषि कानून वापस होने की खुशी मैं मिठाई बांटकर खुशी व्यक्त की।

मांगें पूरी हो जाने के बाद संयुक्त किसान मोर्चा ने आंदोलन को वापस ले लिया है। आंदोलन समाप्त हो जाने के साथ ही अब भाजपा और जजपा नेताओं का विरोध भी बंद कर दिया गया है। अब वे निर्भिक होकर अपने कार्यक्रम सार्वजनिक रूप से कर सकते हैं। सांगवान खाप उसका विरोध नहीं करेगी। – सोमबीर सांगवान, प्रधान सांगवान खाप-40 एवं चरखी दादरी से निर्दलीय विधायक

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here