कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा देने के बाद भाजपा में शामिल हुईं खुशबू सुंदर

कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता खुशबू सुंदर ने पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। वह भाजपा में शामिल हो गई हैं। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को खुशबू सुंदर ने अपना इस्तीफा भेजा था। अपने इस्तीफे में खुशबू सुंदर ने लिखा कि उनके जैसे लोग, जो पार्टी के लिए काम करना चाहते हैं, उन्हें पार्टी में ऊंचे पदों पर बैठे कुछ लोगों द्वारा दबाया जाता है। खुशबू सुंदर ने लिखा कि जिन लोगों की जमीनी स्तर पर या जनता के बीच कोई पहचान नहीं है, वो नियम व शर्ते तय करते हैं। उन्होंने लिखा कि वह पार्टी में किसी पद की लालसा या प्रसिद्धि पाने के लिए नहीं जुड़ी थीं और 2014 के चुनाव में हार के बाद जब पार्टी अपने बुरे दौर से गुजर रही थी, तब उन्होंने कांग्रेस की सदस्यता ली थी। खुशबू ने लिखा कि काफी सोच-विचार के बाद वह पार्टी से अपना नाता तोड़ रही हैं।

खुशबू सुंदर के इस्तीफे के तुरंत बाद ही कांग्रेस ने उन्हें राष्ट्रीय प्रवक्ता के पद से हटा दिया था। खुशबू सुंदर ने आज दिल्ली में भाजपा के केन्द्रीय नेतृत्व की टीम से मुलाकात की। जिसके बाद वह भाजपा में विधिवत रूप से शामिल हो गई। यह सब कुछ ऐसे वक्त में हो रहा है, जब तमिलनाडु में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं।

खुशबू सुंदर ने इस साल जुलाई में केन्द्र की नई शिक्षा नीति की तारीफ की थी। उसके बाद से ही ऐसी चर्चाएं शुरू हो गई थीं कि खुशबू सुंदर भगवा पार्टी का दामन थाम सकती हैं। एक मुस्लिम परिवार में पैदा हुई खुशबू सुंदर ने साल 2014 में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की थी। इससे पहले वह 2010 से 2014 तक डीएमके की सदस्य रहीं थी। खुशबू तमिल सिनेमा की एक मशहूर अभिनेत्री रही हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here