रेलवे लाइन के पास रेल अंडरपास में भूस्खलन, चार मजदूरों की मौत

झारखंड के धनबाद जिले में भूस्खलन की वजह से मंगलवार रात चार लोगों की मौत हो गई। धनबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने यह जानकारी दी है। एसएसपी धनबाद ने बताया कि “धनबाद में प्रधानखंता रेलवे स्टेशन के पास एक अंडरपास निर्माण स्थल पर हुए भूस्खलन में चार लोगों की मौत हो गई।”

नबलियापुर क्षेत्र के प्रधानखंता रेलवे स्टेशन के पश्चिम केविन सिंदरी रेलवे लाइन के पास रेल अंडरपास कार्य के दौरान रात लगभग आठ बजे मिट्टी का मलबा ऊपर से गिरने से चार मजदूर दब गए। घटना के बाद मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। मजदूर चिल्लाते हुए इधर-उधर भागने लगे। रात देर रात तक मलबे में दबे मजदूरों के शवों को नहीं निकाला जा सका।  

मिट्टी में दबने वाले मजदूरों की पहचान 45 वर्षीय निरंजन महतो, 40 वर्षीय पप्पू कुमार महतो, 30 वर्षीय विक्रम कुमार महतो और 25 वर्षीय सौरभ कुमार धीवर के रूप में हुई है। कार्य के दौरान रेलवे का कोई अधिकारी मौके पर नहीं था। बलियापुर थाना को सूचना दिए जाने के बाद भी 10 बजे तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इससे लोगों में काफी आक्रोश है।

घटना के बाद काम करा रहे ठेकेदार के कर्मचारी मौके से भाग गए। बताया जा रहा है कि रेलवे अंडरपास का काम यहां कई दिनों से ठेकेदार की ओर से कराया जा रहा था। मंगलवार की रात भी कई मजदूर कार्य कर रहे थे। इसी दौरान ऊपर से मिट्टी का काफी मलबा नीचे गिरा और काम कर रहे चार मजदूर दब गए। कुछ लोगों का कहना है कि मिट्टी के मलबे में और मजदूर दबे हैं। इन्हें निकालने के लिए देर रात तक संबंधित अधिकारी या कर्मी नहीं पहुंचे। 

कुछ ट्रेनों को डायवर्ट या रद्द करना पड़ा
पूर्व मध्य रेलवे क्षेत्र के धनबाद डिवीजन के पीआरओ ने बताया कि घटना के बाद आक्रोशित मजदूरों ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर काफी हंगामा किया और रेलवे लाइन पर धरने पर बैठ गए, जिसकी वजह से रात में कुछ ट्रेनों को डायवर्ट/रद्द करना पड़ा। लेकिन बुधवार सुबह तक रेलवे लाइन क्लियर कर दिया गया। उन्होंने बताया कि इस मार्ग (प्रधानखंता-धनबाद-गया मार्ग) पर सुबह 5:25 बजे ट्रेन सेवाएं फिर से बहाल की गईं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here