स्वामी प्रसाद मौर्य और रोशन लाल पर मंत्री सुरेश खन्ना ने कसा तंज, बोले- अच्छा सिला दिया तूने मेरे प्यार का..

स्वामी प्रसाद मौर्य और भाजपा विधायक रोशनलाल वर्मा के भाजपा छोड़ने पर कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना ने ‘बेवफा सनम’ मूवी का गाना गाकर उन पर तंज कसा। सुरेश खन्ना ने कहा, ‘अच्छा सिला दिया तूने मेरे प्यार का’। 5 साल तक सत्ता का सुख भोगा। अब इनको लग रहा है कि उत्पीड़न हुआ है। इस तरह के आया राम, गया राम के जाने से भाजपा पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। जिनका अपना कोई घर नहीं, उन्हें जनता कैसे चुन सकती है’।

तिलहर विधानसभा के विधायक ने भी दिया इस्तीफा

बता दें कि योगी सरकार में मंत्री रहे स्वामी प्रसाद मौर्य और शाहजहांपुर की तिलहर विधानसभा से भाजपा विधायक रोशनलाल वर्मा मंगलवार को भाजपा छोड़ सपा में शामिल हो गए। रोशनलाल वर्मा ने जिले के बड़े भाजपा नेता सुरेश खन्ना पर हर काम में अड़ंगा लगाने का आरोप लगाया। मंगलवार शाम कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना हनुमत धाम पहुंचे। यहां सुरेश खन्ना ने भाजपा छोड़ने वाले विधायकों पर गाना गाकर तंज कसा।

हम लोग हर परिस्थिति को झेलने के लिए तैयार

सुरेश खन्ना ने कहा, ‘अच्छा सिला दिया तूने मेरे प्यार का’। भाजपा तो समुद्र है। यहां तो लोग आते हैं। एक आधा लोटा पानी कम हो जाए तो भी कोई फर्क नहीं पड़ता, लेकिन आया राम, गया राम लोगों को ये सोचना चाहिए कि जब 5 साल तक सत्ता का सुख भोगा, तो फिर एक दम से ऐसी कौन सी आफत आ गई थी, लेकिन ठीक है हम लोग हर परिस्थिति को झेलने के लिए तैयार हैं। हमारे ऊपर कोई फर्क नहीं पड़ता’।

सत्ता का पूरा सुख ले लिया तो अब चलो भाई

सुरेश खन्ना ने कहा, ‘ऐसे लोगों पर जनता भी विश्वास करना छोड़ देती है। जब उनको ही नहीं पता कि उनका घर कहां है तो जनता कैसे उनके ऊपर विश्वास कर लेगी, लेकिन उन लोगों ने जो कुछ किया है, वो अच्छा नहीं किया है। यही परिस्थिति साल भर पहले भी थी और 6 महीने पहले भी थी, लेकिन जब सत्ता का पूरा सुख ले लिया तो अब चलो भाई। दोनों विधायकों को मनाने के सवाल पर कहा कि, अब उन्होंने अपना फैसला ले लिया है। अब मैं नही समझता हूं इसकी कोई आवश्यकता है। जो कुछ उनको करना था उन्होंने किया, लेकिन उनको अपने किए पर पछतावा जरूर होगा’।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here