एमपी: भाजपा ने अपने बचे दो नामों का किया एलान, सभी 230 सीटों पर उम्मीवार तय

मध्यप्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए भाजपा ने बचे दो प्रत्याशियों के नामों का भी एलान कर दिया। शुक्रवार को जारी छठी सूची में शेष दो सीटों गुना और विदिशा पर नाम तय कर दिए हैं। गुना में पूर्व विधायक पन्ना लाल शाक्य को मैदान में उतारा है तो विदिशा में मुकेश टंडन भाजपा के प्रत्याशी होंगे। 

जानकारी के मुताबिक, भाजपा ने 17 अगस्त को पहली सूची जारी की थी। इसमें 39 नाम थे। फिर दूसरी सूची में भी 39 नाम सामने आए थे। इसमें तीन केंद्रीय मंत्री समेत सात सांसदों को टिकट दिए थे। इस सूची में तीन विधायकों के टिकट काट दिए थे। तीसरी सूची में एक नाम था। चुनावों की तारीख घोषित होते ही भाजपा ने चौथी सूची जारी की थी। चौथी सूची में भाजपा ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत 25 मंत्रियों को टिकट दिए थे। 57 प्रत्याशियों की इस सूची में सभी वर्तमान विधायकों को टिकट दिए गए।

पांचवीं सूची में 92 नामों का एलान किया था। दो सीटों पर प्रत्याशी होल्ड किए गए थे। शुक्रवार को इनका भी एलान कर दिया गया है। अब सभी सीटों पर मुकाबले लॉक हो गए हैं, यानी कांग्रेस और भाजपा के प्रत्याशी आमने सामने तय हो गए हैं। 

विदिशा सीट भी भाजपा की मजबूत सीट मानी जाती थी, लेकिन 2018 में कांग्रेस के शशांक भार्गव ने यह सीट जीत ली। यहां पर तीन दावेदारों के बीच पेंच फंस हुआ था। यहां से पूर्व वित्तमंत्री राघवजी भाई की बेटी पूर्व नपा अध्यक्ष ज्योति शाह के अलावा पिछला चुनाव हारे मुकेश टंडन भी दावेदारी कर रहे थे। मुकेश टंडन सीएम शिवराज के करीबी माने जाते हैं। इसके अलावा संगठन ने श्याम सुंदर शर्मा का नाम बढ़ाया था। 

वहीं, गुना सीट को संघ की मजबूत सीट मानी जाती है। यह सीट संघ और भाजपा दोनों के कारण फंसी हुई है। इस सीट पर सिंधिया परिवार का भी प्रभाव है। इसके चलते यहां पर प्रत्याशी चयन को लेकर मामला अटका रहा। अभी इस सीट पर भाजपा के गोपीलाल जाटव विधायक हैं। दरअसल, प्रदेश में 17 नवंबर को विधानसभा चुनाव होने हैं। वहीं, मतगणना तीन दिसंबर को है। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here