मुजफ्फरनगर: स्वर कोकिला को प्रशंसकों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

मुजफ्फरनगर। स्वर कोकिला के नाम से विख्यात भारत रत्न लता मंगेशकर कोरोना से जंग हार कर दुनिया को विदा कह गईं। उन्होंने मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में आखिरी सांस ली। 92 साल की लता दीदी की 8 जनवरी को कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके भर्ती होने की खबर भी 2 दिन बाद 10 जनवरी को सामने आई थी। उन्होंने कोरोना और निमोनिया दोनों से 29 दिन तक एक साथ जंग लड़ी।
स्वर कोकिला, दीदी और ताई जैसे नामों से लोकप्रिय लता मंगेशकर के निधन से पूरे देश में शोक की लहर है। फैंस उनके ठीक होने की दुआएं कर रहे थे, लेकिन आज इस बुरी खबर से करोड़ों संगीत प्रेमियों का दिल टूट गया। सैंकड़ों कालजयी गानों को अपनी आवाज देने वाली लता दीदी आज अनंत यात्रा पर चली गईं। मुजफ्फरनगर में भी उनके प्रशंसकों में मायूसी छा गई और उन्हें भावपूर्ण श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। भोपा रोड पर श्रीराम भवन पर लता दीदी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई और उनके चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प चढाये गए। इस अवसर पर हिंदू महासंघ के संरक्षक मनीष चौधरी ने कहा कि लता दीदी की आवाज़  हमेशा मन को छूती रहेगी, ऐसी महान विभूति हमेशा हमारे दिल में रहेगी। लता दीदी की खनकती आवाज के भारत ही नहीं, पूरी दुनिया में प्रशंसक हैं और वे सदा के लिए अमर हो गई हैं। उन्होंने कहा कि लता दीदी के निधन पर भारत सरकार द्वारा 2 दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित करना भी सराहनीय कदम है। इस मौके पर भारत लोक सेवक पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केपी चौधरी, हिंदू महासभा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेंद्र मित्तल, पंडित रामानुज दूबे, पंडित शेखर जोशी, अशोक गुप्ता, नवीन कश्यप, विशाल वर्मा, सचिन शर्मा, विशाल गोयल, मनीष चौधरी उर्फ गोलू, भूपन शर्मा, अनिल शर्मा, संदीप गोयल आदि मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here