तेलंगाना में रेवंत रेड्डी सरकार का पहला कैबिनेट विस्तार, तीन नए मंत्री शामिल

तेलंगाना में रेवंत रेड्डी के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने अपने पहले मंत्रिमंडल विस्तार की घोषणा की है। रविवार को राज्यपाल भवन में तीन विधायकों—जी. विवेक, ए. लक्ष्मण कुमार और वक्ति श्रीहरि—ने मंत्री पद की शपथ ली। यह विस्तार दिसंबर 2023 में कांग्रेस सरकार के गठन के बाद पहली बार किया गया है।

लंबे समय से राज्य में कैबिनेट विस्तार की चर्चा चल रही थी। हाईकमान के साथ कई दौर की बातचीत के बाद यह फैसला लिया गया। इसी के साथ, रामचंद्रू नायक को तेलंगाना विधानसभा का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। तीन नए मंत्रियों के जुड़ने से राज्य सरकार के मंत्रिमंडल में सदस्यों की कुल संख्या अब मुख्यमंत्री समेत 15 हो गई है, जबकि छह मंत्री पद अब भी रिक्त हैं।

तेलंगाना विधानसभा में कुल 119 सदस्य हैं, जिनके आधार पर अधिकतम 18 मंत्री बनाए जा सकते हैं। मौजूदा मंत्रिमंडल में अभी तीन पद और खाली हैं, जिससे संकेत मिलते हैं कि निकट भविष्य में एक और विस्तार संभव है।

नए मंत्री कौन हैं?

चेन्नूर से कांग्रेस विधायक जी. विवेक पहले विसाका इंडस्ट्रीज में उपाध्यक्ष रह चुके हैं और सांसद के तौर पर भी कार्य कर चुके हैं। उन्होंने पहले बीआरएस और भाजपा के साथ भी राजनीतिक भूमिका निभाई है, लेकिन 2023 के विधानसभा चुनावों से पूर्व कांग्रेस का दामन थाम लिया था।

वहीं, सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए ए. लक्ष्मण कुमार और वक्ति श्रीहरि को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है।

मुस्लिम प्रतिनिधित्व से नदारद पहला विस्तार

तेलंगाना में कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद यह उम्मीद की जा रही थी कि मंत्रिमंडल में मुस्लिम समुदाय का प्रतिनिधित्व होगा। लेकिन पहले विस्तार में किसी भी मुस्लिम विधायक को जगह नहीं मिली। राज्य गठन के बाद यह पहला मौका है जब कैबिनेट में मुस्लिम चेहरा शामिल नहीं किया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here