राजस्थान के 6 जिलों मे पंचायत चुनाव

प्रदेश में पंचायत चुनावों के ऐलान के साथ ही कांग्रेस में मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाएं ठंडी पड़ गईं। प्रदेश के 6 जिलों में 200 जिला परिषद सदस्यों के साथ ही 78 पंचायत समितियों में भी चुनाव करवाए जाएंगे। कांग्रेस में इन चुनावों के साथ-साथ आने वाले उपचुनावों की तैयारियां भी शुरू हो चुकी हैं।

जिन 6 जिलों में पंचायतों और जिला परिषदों के चुनाव होने हैं उनमें कांग्रेस आंकड़ों के लिहाज से काफी मजबूत है। हालांकि पंचायत व जिला परिषद के चुनाव पार्टी लाइन पर नहीं लड़े जाते, बल्कि व्यक्ति की छवि इसमें अहम होती है। लेकिन सत्ता का प्रभाव इन चुनावों में पूरी तरह रहता है। जयपुर, भरतपुर, जोधपुर, दौसा, सवाईमाधोपुर व सिरोही में पंचायतों के चुनाव होने हैं।

विधानसभा वार इन जिलों में कुल 47 विधानसभा सीटें हैं, इनमें से 33 कांग्रेस, 6 कांग्रेस समर्थक निर्दलीय, एक आरएलपी और 7 भाजपा विधायक हैं। इनमें मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के अलावा 7 विधायक सरकार में मंत्री भी हैं। इन 6 जिलों में से जयपुर, भरतपुर, जोधपुर और दौसा से 7 मंत्री हैं।

इनमें मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जोधपुर से, कैबिनेट मंत्री लालचंद कटारिया, प्रताप सिंह खाचरियावास और राज्य मंत्री राजेंद्र यादव जयपुर से आते हैं। भरतपुर से आरएलडी के सुभाष गर्ग और कांग्रेस के भजन लाल जाटव, दौसा से परसादी लाल मीणा और ममता भूपेश भी सरकार में मंत्री हैं।

ये 6 जिले जहां चुनाव होने हैं : जयपुर में 51 जिला परिषद और 22 पंचायत समितियों में चुनाव
जयपुर में 51 जिला परिषद और 22 पंचायत समितियों में चुनाव कराए जाएंगे। जयपुर में 19 में से सिर्फ तीन विधानसभा सीट भाजपा के पास हैं, जबकि 16 में 3 कांग्रेस समर्थक निर्दलीय और 13 कांग्रेस के पास हैं।

भरतपुर : यहां बयाना, वैर, भुसावर, रूपबास, कामां, नगर, डीग-कुम्हेर, नदबई, उच्चैन और सेवर में पंचायत समिति के चुनाव हैं। यहां 37 जिला परिषद के मेंबर भी चुने जाने हैं। यहां भाजपा के पास एक भी विधायक नहीं है, जबकि 7 में वैर, नगर, नदबई, कामां, डीग-कुम्हेर, बयाना में कांग्रेस व भरतपुर में कांग्रेस गठबंधन आरएलडी है।

दौसा : 29 जिला परिषद व 12 पंचायत समितियों के चुनाव होने हैं। यहां कुल 5 विधानसभा सीटों में भाजपा के पास एक भी सीट नहीं है जबकि 4 कांग्रेस व एक कांग्रेस समर्थित निर्दलीय हैं। लालसोट से परसादी लाल और सिकराय से ममता भूपेश सरकार में मंत्री हैं। इनके अलावा दो कांग्रेस और एक निर्दलीय विधायक हैं।

जोधपुर : जोधपुर में 37 जिला परिषद व 20 पंचायत समितियों के चुनाव हैं। जोधपुर में 10 में से 7 विधानसभाओं पर कांग्रेस काबिज है और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का विधानसभा क्षेत्र व गृह जिला भी है।

सवाईमाधोपुर : यहां कुल 25 जिला परिषद व 7 पंचायत समितियों के चुनाव होने हैं। जिलें में कुल 4 विधानसभा हैं, जिनमें से तीन कांग्रेस और एक कांग्रेस समर्थित निर्दलीय है।

सिरोही : 21 जिला परिषद व 4 पंचायत समितियों में चुनाव हैं। यहां कुल 3 विधानसभा सीटों में से 2 भाजपा के पास और एक कांग्रेस समर्थक निर्दलीय विधायक हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here