29 नवंबर को ट्रैक्टरों के साथ संसद का होगा घेराव: राकेश टिकैत

भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि एक बार फिर किसान दिल्ली के खुले रास्तों से संसद तक जाएंगे। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले दिल्ली पुलिस ने सीमा पर लगाए गए बैरिकेड हटा दिए हैं, अब किसान अपने ट्रैक्टरों से उन खुले रास्तों से संसद तक जाएगा, जहां पर दिल्ली पुलिस उनको रोक देगी वो वहीं रुक जाएंगे। इसी माह लोकसभा का शीतकालीन सत्र शुरू होने वाला है, इसी को लेकर किसान यूनियन इसकी तैयारी कर रही है। 26 नवंबर को किसान आंदोलन के एक साल पूरे हो रहे हैं, किसान उसकी भी तैयारी हो रही है। उसके बाद 29 नवंबर को किसान गाज़ीपुर और टीकरी बॉर्डर से ट्रैक्टर से संसद मार्च करेंगे। इसको लेकर दिल्ली पुलिस और खुफिया एजेंसियां भी एक्टिव हो गई हैं।

मालूम हो कि केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों को लेकर पंजाब, हरियाणा और यूपी के किसान दिल्ली की तीनों सीमाओं पर धरना देकर प्रदर्शन कर रहे हैं।नवंबर 2020 में जब आंदोलन शुरू हुआ था उसके बाद केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र तोमर के साथ किसान संगठनों के नेताओं के साथ उनकी कई दौर की बातचीत हुई मगर कोई सर्वमान्य हल नहीं निकल सका। इस दौरान धरना स्थलों पर कई तरह की घटनाएं भी सामने आई। निहंगों ने एक व्यक्ति की दर्दनाक तरीके से हत्या कर दी, उसकी पूरे देश-दुनिया में आलोचना हुई। फिर ये तय किया गया कि निहंग आंदोलन से वापस चले जाएं उनकी संयुक्त किसान मोर्चा को कोई जरूरत नहीं है। मगर फिर निहंगों की अपनी मीटिंग हुई उसमें तय किया गया कि वो संयुक्त किसान मोर्चा के बुलावे पर न आए थे न ही वापस जाएंगे। वो यहीं पर बने रहेंगे और यदि कोई धर्मग्रंथ की बेअदबी करेगा तो उसका हश्र वही किया जाएगा। इसके बाद मामला शांत हो गया।

अब एक बार फिर किसान मोर्चा ने तय किया गया है कि 26 नवंबर को आंदोलन के एक साल पूरे हो रहे हैं। इस एक साल के पूरे होने पर राजधानी लखनऊ में बड़ी किसान महापंचायत की जाएगी। इसी के साथ संसद के शीतकालीन सत्र के शुरू होने पर अपने ट्रैक्टरों से संसद तक जाएंगे। एक निजी चैनल से बातचीत में राकेश टिकैत ने कहा कि सभी सीमाओं 29 नवंबर को किसान अपने ट्रैक्टरों से 500 की संख्या में संसद तक जाएंगे। यदि दिल्ली पुलिस उनको कहीं पर रोकेगी तो वो वहीं पर रूक जाएंगे। साथ ही 10 साल पुराना ट्रैक्टर न ले जाने को कहा, ये भी बताया कि जितने लोग दिल्ली में ट्रैक्टर से जाएंगे उन सभी के पहचान पत्र आदि मोर्चा के पास पहले से मौजूद रहेगा। 26 जनवरी वाला हाल इस बार नहीं होने दिया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here