राजनीतिक हंगामे और श्रेष्ठ भारत का लक्ष्य !

सड़क से संसद तक हंगामा मचाये रखने की राहुल गांधी की पुरानी नीति पर अमल और विपक्षी गुलगपाड़े के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एक भारत-श्रेष्ठ भारत, आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में शिद्दत व मुस्तैदी से लगे हुए हैं। 6 फरवरी, 2023 को अपने इस लक्ष्य को साकार करने को श्री मोदी ने कर्नाटक के तुमकुरू में हिन्दुस्तान एयरोनोटिक्स लिमिटेड (एच.ए.एल.) की एशिया की सबसे बड़ी हेलीकॉप्टर फैक्ट्री का उद्घाटन किया। 2015 में उन्हों ने इस फैक्ट्री की आधारशिला रखी थी। एच. ए. एल. को लेकर राहुल गाँधी ने 2017-18 में संसद में हंगामा काटा था और यह झूठा आरोप लगाया था कि मोदी सरकार ने एच.ए.एल.को अदानी को 58,000 करोड़ रुपये में बेच दिया है। तुमकुरु जा कर फैक्ट्री के गेट पर धरने पर बैठ गए थे।

6 फरवरी को ही भारत को ऊर्जा क्षेत्र में 2030 तक नई ऊचाइयां हासिल करने के मिशन के अन्तर्गत बंगलुरु में भारत ‘ऊर्जा सप्ताह’ की शुरुआत की। देश के 11 राज्यों में 20 प्रतिशत एथेनाल वाले पैट्रोल ‘ई-20’ की बिक्री शुरू की। इसी के साथ सोलर कुक टॉप लांच किया।

भारत को आत्मनिर्भर बनाने और देश की सुरक्षा प्रणाली को सुदृढ़ करने की दृष्टि से 6 फरवरी 2023 को ही स्वदेशी युद्धपोत आई.एन.एस विक्रान्त पर एच.ए.एल. द्वारा निर्मित लड़ाकू विमान तेजस की सफल लैंडिंग कर इतिहास रचा गया।

नरेन्द्र मोदी ने राजनीतिक गोलबंदी के हंगामों से अविचलित रहते हुए देश को आत्मनिर्भर एवं श्रेष्ठ बनाने के अपने मिशन में कोई कोताही नहीं आने दी। इसी के साथ भारत की वसुधैव कुटुम्बकुम की सनातन संस्कृति के अनुरूप भूकंप पीड़ित तुर्किये को राहत मिशन भेजने का निर्देश भी तत्काल दिया यद्यपि तुर्किये भारत विरोधी पाकिस्तानी नीति का समर्थक है। श्री मोदी ने उसकी प्राकृतिक आपदा में मानवीय दृष्टिकोण अपना कर उदार भारतीय परम्परा का परिचय दिया।

गोविंद वर्मा
संपादक ‘देहात’

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here