प्रयागराज: गम और गुस्से के बीच हुआ उमेश पाल का अंतिम संस्कार

राजू पाल हत्याकांड के मुख्य गवाह उमेश पाल और गनर संदीप निषाद के शवों का शनिवार दिन में पोस्टमार्टम किया गया। तीन डाक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया। घटना की वीडियोग्राफी भी की गई। पोस्टमार्टम के बाद थोड़ी देर के लिए उमेश के शव को धूमनगंज ले जाया गया। इसके बाद दारागंज घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। सिपाही संदीप के शव को घर वाले पैतृक गांव ले गए। अंतिम संस्कार वहीं किया जाएगा।

धूमनगंज के सुलेम सराय के रहने वाले उमेश पाल और उनके गनर संदीप निषाद व राघवेंद्र सिंह पर कातिलों ने शुक्रवार को जानलेवा हमला किया था। उमेश और संदीप की मौके पर ही मौत हो गई थी। शनिवार को सुबह से ही पोस्टमार्टम हाउस पर उमेश के समर्थकों और परिजनों की भीड़ लगी थी। पुलिस ने सुबह ही उमेश और संदीप के शरीर के चोटों की गिनती की। उस समय परिजन नहीं थे। परिजनों को पता चला तो वे भड़क गए।

एसीपी शाहगंज सत्येंद्र तिवारी ने उन्हें समझाया बुझाया। उनके सामने फिर से चोटों को गिना गया। इसके बाद उमेश और संदीप के शवों को एक्सरे के लिए कालविन अस्पताल ले जाया गया। वहां से तीन बजे के बाद वापस स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल दोनों शवों को लाया गया। यहां तीन डाक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया। वीडियोग्राफी भी कराई गई। यहां से उमेश के शव को धूमनगंज स्थित उनके घर ले जाया गया। वहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

आरएएफ और पीएसी के साथ साथ कई थानों की फोर्स को भी एहतियातन लगाया गया था। कुछ देर बाद उमेश के शव को दारागंज घाट ले जाया गया, जहां गम और गुस्से के बीच अंतिम संस्कार किया गया। उधर गनर संदीप के शव को घर वाले पैतृक गांव आजमगढ़ लेकर चले गए। संदीप का अंतिम संस्कार वहीं होगा।

समर्थकों ने चीरघर पर मचाया हंगामा, पुलिस प्रशासन के बीच हुई नारेबाजी

पोस्टमार्टम हाउस पर उमेश के समर्थक और परिजन सुबह से ही बड़ी संख्या में जुटे थे। दिन में पहले चोट गिनने में फिर शवों के एक्सरे में जब देर होने लगी तो समर्थक भड़क गए। उन्होंने जमकर पुुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्हें समझाने की कोशिश की गई। वे हत्यारों को फांसी की मांग कर रहे थे। मौके पर पहुंची पुलिस कमिश्नर रमित शर्मा और डीएम संजय खत्री ने उन्हें बताया कि गिरफ्तारी के पूरे प्रयास किया जा रहे हैं। बहुत जल्द ही उन्हें गिरफ्तारी की खबर दी जाएगी। इसके बाद समर्थक माने।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here