विवादों में घिरे पृथ्वी शॉ, बीच सड़क महिला फैन से की हाथापाई

भारत के स्टार क्रिकेटर पृथ्वी शॉ विवादों में फंसते नजर आ रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुंबई में उन पर हमला हुआ है। स्थानीय पुलिस के मुताबिक, सेल्फी लेने के लिए मना करने पर कुछ फैंस भड़क गए और उनके दोस्त की कार पर हमला कर दिया। घटना बुधवार शाम की बताई जा रही है। पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

हालांकि, सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो इस घटना का बताया जा रहा है। वीडियो में पृथ्वी एक महिला फैन के साथ हाथापाई करते दिख रहे हैं। दोनों एक बेसबॉल बैट को पकड़े हुए हैं। इस वीडियो से पृथ्वी शॉ भी विवादों में घिर गए हैं।

दरअसल, पृथ्वी शॉ के पक्ष की ओर से बताया गया है कि भारतीय स्टार सांताक्रूज के एक फाइव स्टार होटर में डिनर के लिए गए थे। इसके बाद एक शख्स उनके पास आया और सेल्फी लेने की मांग करने लगा। पृथ्वी ने उस फैन को निराश नहीं किया और सेल्फी ले ली। इसके कुछ देर बाद वह शख्स अपने कुछ और दोस्तों के साथ वहां पहुंचा और सेल्फी लेने की मांग करने लगा। पृथ्वी शॉ ने यह कहकर उन्हें मना कर दिया कि वह दोस्तों के साथ यहां खाना खाने आए हैं और कोई डिस्टरबेंस नहीं चाहते। 

शिकायत के मुताबिक, फैंस उन्हें सेल्फी के लिए जोर देने लगे तो पृथ्वी के दोस्त ने होटल मैनेजर को फोन कर शिकायत की। मैनेजर ने उन लोगों को होटल से जाने के लिए कहा। जब पृथ्वी शॉ और उनके दोस्त खाना खाने के बाद कार में होटल से बाहर निकले तो कुछ लोग बेसबॉल स्टिक के साथ बाहर खड़े थे। उन लोगों ने पृथ्वी की कार का शीशा तोड़ दिया। उस वक्त पृथ्वी भी कार में मौजूद थे। शिकायतकर्ता ने कहा कि उस वक्त पृथ्वी कार में थे और हम कोई विवाद नहीं चाहते थे। पृथ्वी को फिर दूसरे कार से भेजा गया। इसके बाद पृथ्वी शॉ जिस दूसरे कार में बैठे थे, उसे भी रोका गया। वहां एक महिला आई और कहा कि इस मामले को सुलझाना है तो उसे 50 हजार रुपये देने होंगे नहीं तो झूठे आरोप लगा देगी। कहा जा रहा है कि फैंस ने क्रिकेटर के कार की विंडशील्ड भी तोड़ दी। इस घटना के बाद पृथ्वी के दोस्त ने ओशिवारा थाने में मामला दर्ज कराया।

आरोपी पक्ष के वकील ने दिया यह बयान

ओशिवारा पुलिस ने इस मामले में आठ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इनमें से दो नामजद और छह अज्ञात हैं। शिकायत में जिन लोगों के नाम हैं- उनमें से दो की पहचान शोभित ठाकुर और सना उर्फ सपना गिल के रूप में हुई है। दोनों ने आरोपों को खारिज कर दिया और पृथ्वी शॉ पर हमला करने का आरोप लगाया। इस मामले में सपना गिल के वकील अली काशिफ खान का कहना है कि मारपीट सपना ने नहीं, बल्कि पृथ्वी शॉ ने की थी।इसी बीच उस वीडियो ने इंटरनेट पर कोहराम मचा दिया है। इसमें सपना और उनके साथ मौजूद व्यक्ति पृथ्वी और उनके दोस्तों पर मारपीट करने का आरोप लगा रहे हैं। साथ ही वह यह भी कह रहे हैं कि उनके पास पृथ्वी का वीडियो भी है। झगड़े के वीडियो में भी देखा जा सकता है कि पृथ्वी महिला फैन से भिड़ रहे हैं और दोनों बेसबॉल बैट पकड़े हुए हैं। वकील का कहना है कि उनकी मुवक्किल सपना को ओशिवरा पुलिस थाने में बैठाकर रखा गया है। उसे मेडिकल के लिए भी जाने नहीं दिया जा रहा है। ओशिवारा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 143, 148, 149, 384, 437, 504, 506 के तहत मामला दर्ज किया है। हालांकि, अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here