राजकुमार आनंद को बहुत डराया गया, हमें उनसे सहानुभूति है: आप

दिल्ली। आम आदमी पार्टी की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। पहले तो आबकारी नीति घोटाले में पार्टी की पहली पंक्ति के नेता जेल पहुंचे और अब पार्टी के बड़े नेता व मंत्री ने पार्टी का साथ छोड़ दिया है।

बुधवार को दिल्ली सरकार में समाज कल्याण मंत्री रहे राजकुमार आनंद ने इस्तीफा दे दिया। उन्होंने कहा कि वह नहीं चाहते कि उनका नाम किसी भ्रष्ट आचरण में जुड़े। उन्हें नहीं लगता कि उनकी सरकार के पास शासन चलाने की कोई नैतिकता बची है।

हमें जिसकी चिंता थी वही होने लगा है

राजकुमार आनंद के इस्तीफे के बाद आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह और मंत्री सौरभ भारद्वाज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसमें संजय सिंह ने कहा, हमें जिसकी चिंता थी वही होने लगा है, यही हम पहले ही दिन से कह रहे थे।

वह आगे बोले, आज के बाद एक सवाल बंद हो जाएगा कि ईडी की गिरफ्तारी के पीछे आप को तोड़ने का मकसद है। यही काम अब दिल्ली में किया जा रहा है। आज आप के एक-एक मंत्री और विधायक की भी अग्नि परीक्षा है कि हम कैसे इस माहौल में भाजपा से लड़ सकते हैं।

संजय सिंह ने आगे दावा कि आप लोग देख लेना, आनंद जल्द ही भाजपा में शामिल होंगे। जबकि भाजपा ने ही इन पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया था और 23 घंटे तक ईडी का छापा पड़ा था।

’12 अप्रैल का ईडी का मिला है नोटिस’

संजय सिंह ने कहा, हम राजकुमार आनंद को धोखेबाज नहीं कहेंगे। वह ईडी से डर गए। वह अपने साथियों को कह रहे थे कि जब थोड़ा सक्रिय होते हैं तो ईडी का फोन आ जाता है।

संजय बोले, यह राजनीतिक आत्महत्या है। उन्हें बहुत डराया गया है। भला कैसे कोई आदमी अपने पद से इस्तीफा दे सकता है। एक और जानकारी मिली है कि उन्हें 12 अप्रैल का ईडी का नोटिस भी मिला था। हमें राजकुमार आनंद नहीं बनना है, अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया बनना है।

हमें राजकुमार आनंद से सहानुभूति है। यह पूछे जाने पर कि आनंद ने कहा है कि भाजपा में नहीं जाऊंगा, इस पर उन्होंने कहा कि थोड़ा इंतजार कीजिए, सभी कुछ सामने आएंगे।

‘पता नहीं दो घंटे में क्या हो गया’

जब आप नेताओं से यह पूछा गया कि आनंद का आरोप है कि पार्टी में दलितों का सम्मान नहीं है? इस पर संजय सिंह ने कहा यही वह पार्टी है जहां दलितों का बहुत सम्मान है। बाबा साहेब के सपने को केवल हमने ही साकार किया है।

संजय सिंह बोले, पीसी में आनंद एक स्क्रिप्ट पढ़ते दिखे, जो शायद किसी के द्वारा उन्हें दी गई थी। वहीं सौरभ भारद्वाज ने कहा, आज दोपहर को ही दो बजे के करीब उन्होंने संजय सिंह जी की एक पोस्ट को एक्स पर पोस्ट किया था, मगर अचानक यह बात सामने आई है।

भाजपा यही कराती है

सौरभ आगे बोले, भाजपा यही कराती है कि पहले पार्टियों को तोड़ती है और उन्हें अपने दल में शामिल कराती है। नए मंत्री के चयन के सवाल पर भारद्वाज ने कहा कि अभी तो इन मंत्री पर ही चर्चा हो रही है।

उन्होंने कहा कि नए मंत्री आएंगे तो ये उन्हें भी इसी तरह परेशान करेंगे और उन्हें भी पार्टी छोड़ने को मजबूर करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here