यूपी में एक दिन में 25 करोड़ से अधिक पौधे रोपने का रिकार्ड

लखनऊ। प्रदेश में मंगलवार को एक दिन में 25 करोड़ से अधिक पौधरोपण का रिकार्ड बना। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चित्रकूट में हरिशंकरी का पौधा रोपकर इस अभियान का शुभारंभ किया जबकि प्रदेश में 35 करोड़ पौधरोपण महाभियान की शुरुआत राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने लखनऊ के कुकरैल वन क्षेत्र में पौधरोपण कर की। उन्होंने त्रिशक्ति के रूप में कदंब, नीम और आम के पौधे लगाए। उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य ने अयोध्या और ब्रजेश पाठक ने प्रयागराज सहित प्रदेश सरकार के विभिन्न मंत्रियों ने अलग-अलग मंडलों में पौधरोपण अभियान का शुभारंभ किया।

प्रदेश में गत वर्ष 30 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया था, जिसमें से 25 करोड़ पौधे एक दिन में लगाने थे। तब 25 करोड़ नौ लाख पौधे लगाए गए थे। इस साल 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें से 25 करोड़ पौधे मंगलवार को लगने थे। वन विभाग के अनुसार शाम छह बजे तक प्रदेश में 25 करोड़ 15 लाख 12 हजार 943 पौधे लगाए गए, जो अब तक का रिकार्ड पौधरोपण था। जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने लखनऊ में पीजीआई के सामने पौधरोपण किया जबकि मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र ने ईको गार्डन में पौधा लगाया।

सभी स्थलों की जियो टैगिंग

अभियान की जानकारी देते हुए प्रधान मुख्य वन संरक्षक ममता संजीव दुबे ने बताया कि चित्रकूट में मुख्यमंत्री द्वारा 25 करोड़ पौधे लगाने के अभियान की शुरुआत की गई। इस दौरान प्रदेश के वन पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डा. अरुण कुमार सक्सेना भी मौजूद रहे। प्रदेश के 75 जिलों में 50 कैबिनेट और राज्यमंत्री, 25 सांसद तथा शासन के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव और सचिव स्तर के अधिकारियों ने नोडल अफसर के रूप में भाग लिया गया। प्रदेश के सभी वृक्षारोपण स्थलों की जियो टैगिंग की गई। विभागीय वेबसाइट पर इसे लगातार अपडेट भी किया गया जबकि हरीतिमा एप के जरिए सभी अमृत वन स्थलों तथा अन्य विभागों के वृक्षारोपण स्थलों को अपलोड किया जाएगा।

इन पौधों का हुआ रोपण

इस दौरान मुख्य रूप से नीम, सहजन, आंवला, इमली, अर्जुन, जामुन, बेल, आम, महुआ, सागौन, शीशम, गुटेल, बांस, पीपल, पाकड़, बरगद आदि पौधों का रोपण किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here