पंजाब की रोपड़ पुलिस कवि कुमार विश्वास के घर समन देने पहुंची

12 अप्रैल को पंजाब के रोपड़ सदर थाने में एक मामला दर्ज किया गया है। बुधवार की सुबह इसी मामले के सिलसिले में पंजाब पुलिस कवि कुमार विश्वास के गाजियाबाद स्थित आवास पर पहुंची। पुलिस की यह टीम समन देने पहुंची थी। दरअसल, रोपड़ पुलिस ने 12 अप्रैल को 153, 153ए, 323, 341, 506, 120बी और 125 लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है और अब इस केस में कुमार विश्वास को जांच में शामिल होने और सबूत पेश करने को कहा है।

अलका लांबा के घर भी पहुंची पुलिस
पंजाब पुलिस आप की पूर्व विधायक व कांग्रेस नेता अलका लांबा के घर भी पहुंची। यह जानकारी अलका लांबा ने खुद अपने ट्विटर के माध्यम से दी। उन्होंने लिखा, पंजाब पुलिस मेरे घर पहुंच चुकी है। इससे पहले जब पंजाब पुलिस कुमार विश्वास के घर पहुंची थी तब भी अलका ने एक ट्वीट कर लिखा था कि अब समझ आ रहा कि आप को पुलिस क्यों चाहिए। रूपनगर (रोपड़) पुलिस ने बुधवार को कुमार विश्वास और दिल्ली में कांग्रेस नेता अलका लांबा को नोटिस दिया। पुलिस ने दोनों को 26 अप्रैल को रूपनगर सदर थाने में पूछताछ के लिए तलब किया है।

शिकायतकर्ता ने यह बात कही
शिकायतकर्ता ने बताया कि जब वह आम आदमी पार्टी के अपने समर्थकों के साथ लोगों की शिकायत निवारण के लिए गांवों में घूम रहा था तो कुछ अज्ञात नकाबपोशों ने उन्हें रोक लिया और ‘खालिस्तानी’ कहा। इसके बाद इस तरह की घटनाएं नियमित रूप से होती रही हैं। यह सब तब शुरू हुआ जब कुमार विश्वास ने आप संयोजक अरविंद केजरीवाल के खिलाफ न्यूज चैनलों/सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अलगाववादी तत्वों के साथ आप के संबंध का आरोप लगाते हुए भड़काऊ बयान दिया।

इस बयान और वीडियो के परिणामस्वरूप पंजाब के शांतिपूर्ण माहौल में गड़बड़ी की आशंका है। पुलिस के मुताबिक कुमार विश्वास को अपने आरोपों के पक्ष में सबूत पेश करने के लिए नोटिस दिया गया है। तथ्य व कानून के तहत मामले की जांच की जा रही है।

क्या बोली रोपड़ पुलिस
रोपड़ के एसपी हरबीर सिंह अटवाल ने इस संबंध में जानकारी दी कि पुलिस के पास एक व्यक्ति ने शिकायत दी है कि वह रोपड़ के क्षेत्र में घूम रहा था तो कुछ लोगो ने उसे रोककर आम आदमी पार्टी को खालिस्तान समर्थक बताया और नारेबाजी की। शिकायर्ता ने कहा कि यह तब शुरू हुआ जब कुमार विश्वास ने वीडियो जारी कर आम आदमी पार्टी को खालिस्तान समर्थक बताया। उन्होंने कहा कि पुलिस कुमार विश्वास के घर छापा मारने नहीं बल्कि समन देने पहुंची थी। अगर वह इस मामले में अपना पक्ष रखना चाहते है तो वह रोपड़ आकर बता सकते है। 

कुमार विश्वास ने किया ट्वीट
पंजाब पुलिस के पहुंचने के बाद कुमार विश्वास ने ट्वीट कर लिखा, सुबह-सुबह पंजाब पुलिस द्वार पर पधारी है। एक समय, मेरे द्वारा ही पार्टी में शामिल कराए गए भगवंत मान को आगाह कर रहा हूं कि तुम, दिल्ली में बैठे जिस आदमी को, पंजाब के लोगों की दी हुई ताकत से खेलने दे रहे हो वो एक दिन तुम्हें व पंजाब को भी धोखा देगा। देश मेरी चेतावनी याद रखे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here