मध्य प्रदेश चुनाव में भाजपा से गठबंधन कर सकती है आरपीआई-रामदास आठवले

केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आरपीआई) के अध्यक्ष रामदास आठवले ने बुधवार को कहा कि उनकी पार्टी मध्यप्रदेश में अपना जनाधार बढ़ाएगी। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ गठबंधन में अगला विधानसभा चुनाव लड़ सकती है।

उन्होंने भोपाल में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि गठबंधन से पहले रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (अठावले) मध्यप्रदेश में अपना जनाधार बढ़ाने की कोशिश करेगी। फिलहाल यह महाराष्ट्र से सटे कुछ इलाकों तक सीमित है। मध्यप्रदेश में अगला विधानसभा चुनाव 2023 में होना है।

एक सवाल के जवाब में आठवले ने कहा कि मध्यप्रदेश में रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया का विस्तार किया जा रहा है और इसके लिए नई नियुक्तियां की गई हैं। उन्होंने कहा, ‘मध्यप्रदेश में अभी तक हमारा जनाधार नहीं था। अब हम अपना जनाधार बढ़ाएंगे। अगर पार्टी अगले डेढ़ साल में मजबूत होती है, तो मैं अगला चुनाव भाजपा के साथ गठबंधन में लड़ने के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से बात करूंगा।

आठवले ने कहा कि ‘मेरी पार्टी केंद्र में भाजपा के साथ है और भाजपा हमें मध्यप्रदेश में जरूर साथ लेकर चलेगी।’ उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा नीत केंद्र सरकार एवं मध्यप्रदेश सरकार में किसानों, दलितों एवं आदिवासियों के लिए अच्छे काम हो रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘मेरी पार्टी की मांग है कि दलितों एवं आदिवासियों के लिए पदोन्नति में भी आरक्षण होना चाहिए। मैं मुख्यमंत्री चौहान के समक्ष इस विषय को रखूंगा और केंद्र में भी यह विषय रखने वाला हूं।’

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here