दिल्ली विधानसभा में हंगामा, भाजपा विधायकों को मार्शल ने बाहर किया

दिल्ली विधानसभा में आज आम आदमी पार्टी (आप) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शहर में लहराए जा रहे तिरंगे को लेकर आमने-सामने आ गए।

यह मुद्दा इतना गर्माया कि दोनों पार्टी के सदस्य वेल में आकर आरएसएस हाय-हाय और टुकड़े-टुकड़े गैंग हाय-हाय के नारे लगाने लगे। मामले को शांत होता न देखकर विधानसभा स्पीकर ने भाजपा के दो सदस्यों को मार्शल से सदन के बाहर निकलवा दिया और पूरी दिन के लिए सदन की कार्यवाही से निलंबित कर दिया।

सोमनाथ भारती ने लगाया था भाजपा और आरएसएस पर आरोप

सदन में यह हंगामा तब शुरू हुआ जब गुरुवार को आप विधायक सोमनाथ भारती ने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस शहर में तिरंगा लहराए जाने का विरोध कर रहे हैं। मालवीय ने कहा कि भाजपा और आरएसएस के लोग मालवीय नगर के सूर्य सेन पार्क में तिरंगा लहराए जाने का यह कहकर विरोध कर रहे हैं कि पार्क में आरएसएस की शाखा लगती है।

इस पर भाजपा ने आम आदमी पार्टी को ‘टुकड़े-टुकड़े गैंग’ का हिस्सा बताते हुए वेल में प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस पर आप विधायक भी वेल में पहुंच गए और आरएसएस हाय-हाय के नारे लगाने लगे।

काफी देर तक विधानसभा अध्यक्ष रामनिवास गोयल यह हंगामा होते देखते रहे फिर उन्होंने दोनों पक्षों के सदस्यों से अपनी-अपनी सीट पर जाने का आग्रह किया। कुछ देर में आप के सभी विधायक अपनी सीट पर चले गए लेकिन भाजपा के जितेंद्र महाजन और विजेंद्र गुप्ता वेल में ही खड़े होकर हंगामा करते रहे।

इस पर सदन अध्यक्ष गोयल ने मार्शल को बुलाकर दोनों को सदन से बाहर निकलवा दिया और पूरे दिन की कार्यवाही से निलंबित भी कर दिया।

जान दे देंगे लेकिन तिरंगा लहराएंगे
इसके बाद उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि, सोमनाथ भारती ने एक गंभीर मुद्दा उठाया है। सिसोदिया ने कहा कि भाजपा को इस बात पर शर्म आनी चाहिए कि उनका एक नेता दिल्ली में तिरंगा लहराए जाने का विरोध कर रहा है। भाजपा को देश के लोगों से माफी मांगनी चाहिए। हम जान दे देंगे लेकिन तिरंगा लहराएंगे। इसके बाद पूरा सदन भारत माता की जय के नारों से गूंज उठा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here