एसएसपी ने व्यापारियों से किया संवाद, सुरक्षा का दिया भरोसा

मुजफ्फरनगर। एसएसपी संजीव सुमन ने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि उनकी सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यापारी किसी अपराधी व्यक्ति से खतरा महसूस करे तो उसकी सूचना जरूर दे। उन्होंने व्यापारियों को प्रेरित किया कि वह अपनी सुरक्षा के दृष्टिगत प्रतिष्ठान के आसपास सीसीटीवी कैमरे जरूर लगवाएं।

एसएसपी संजीव सुमन ने बुधवार शाम को थानाक्षेत्र नई मण्डी स्थित पटेलनगर में व्यापारी-अधिकारी मिलन समारोह का दीप प्रज्जवलित कर शुभारंभ किया। व्यापारी अधिकारी मिलन समारोह में एसएसपी ने व्यापार मण्डल के पदाधिकारियों से उनकी समस्याओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उनकी सुरक्षा से संबंधित सभी पहलुओं की समीक्षा कर निराकरण करने एवं सम्पूर्ण सुरक्षा का आश्वासन देते हुए विभिन्न अभियानों के बारे में जानकारी दी।

एसएसपी संजीव सुमन ने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा के लिए पुलिस निरंतर शहर में गश्त करती है। मगर इसके अतिरिक्त व्यापारियों को भी सुरक्षा के प्रति सतर्क होना पड़ेगा। सभी व्यापारी अपने प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे और रात में प्रकाश की उचित व्यवस्था जरूर करें। व्यापारिक कार्यों के दौरान कैश का परिवहन करने से पूर्व पुलिस को सूचित करें।

एसएसपी ने यातायात के सुचारू रूप से संचालन एवं जाम की समस्या के निराकरण के लिए सम्बन्धित को आवश्यक दिशा निर्देश दिये। साथ ही सभी व्यापारी बंधुओं को साइबर फ्रॉड, आनलाइन ठगी से बचाव के तरीको की जानकारी दी। इस दौरान व्यापार मण्डल के पदाधिकारी, क्षेत्राधिकारी और अन्य लोग मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here