मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में बुधवार को नए सीएम का शपथ ग्रहण समारोह

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री बुधवार को शपथ ग्रहण लेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। बुधवार सुबह 11:30 बजे प्रधानमंत्री भोपाल में मुख्यमंत्री मोहन यादव और उनके कैबिनेट मंत्रियों को शपथ लेते देखने के लिए मौजूद रहेंगे. उस दिन बाद में, पीएम मोदी रायपुर जाएंगे जहां वह मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उनकी टीम के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। यह समारोह शाम 4:00 बजे होगा।

मध्य प्रदेश में मोहन यादव 

मध्य प्रदेश के मनोनीत मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि राज्य की नई सरकार का शपथ समारोह बुधवार को होगा। यादव ने भोपाल में कहा कि शपथ समारोह परसों 13 दिसंबर को होगा। यादव के साथ-साथ मनोनीत उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला और जगदीश देवड़ा भी 13 दिसंबर को शपथ लेंगे। मनोनीत सीएम ने कहा कि वह पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा शुरू किए गए विकास कार्यों को आगे बढ़ाएंगे। इसको लेकर लगातार तैयारियां की जी रही हैं। समारोह के लिए विस्तृत व्यवस्था की जा रही है, जहां बड़ी संख्या में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ता, खासकर यादव के गृहनगर उज्जैन से इकट्ठा होंगे।

चौहान का नहीं बन पाया रिकॉर्ड 

कई दिनों से चल रहे अटकलों को खत्म करते हुए, भाजपा ने सोमवार को यादव को राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में चुना और पार्टी के दिग्गज नेता शिवराज सिंह चौहान को रिकॉर्ड पांचवीं बार सत्ता में आने से रोक दिया। चौहान सरकार में मंत्री यादव (58) को सोमवार को एक बैठक के दौरान सर्वसम्मति से भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया। मध्य प्रदेश में राजेंद्र शुक्ला और जगदीश देवड़ा उप मुख्यमंत्री होंगे। मुख्यमंत्री पद के दावेदारों में शामिल वरिष्ठ भाजपा नेता और नवनिर्वाचित विधायक नरेंद्र सिंह तोमर नए विधानसभा अध्यक्ष होंगे। यादव को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का करीबी माना जाता है और उन्हें शीर्ष पद के दावेदार के रूप में नहीं देखा जा रहा था। 

छत्तीसगढ़ में भी समारोह

छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उनके मंत्रिमंडल के सदस्य बुधवार को शपथ ग्रहण करेंगे। अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति में छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उनके मंत्रिमंडल के सदस्य 13 दिसम्बर को दोपहर दो बजे राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में शपथ ग्रहण करेंगे। राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव ने कहा कि बुधवार को विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के नए मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण समारोह एक ऐतिहासिक कार्यक्रम होगा। भाजपा ने रविवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री और छत्तीसगढ़ में प्रदेश अध्यक्ष के रूप में काम कर चुके आदिवासी नेता साय (59) को नए मुख्यमंत्री के रूप में चुना। नये मंत्रिमंडल में किसे शामिल किया जाएगा और क्या राज्य में दो उप मुख्यमंत्री होंगे, इन अटकलों के बीच साव ने कहा, ‘‘शपथ लेने वाले नेताओं की संख्या के बारे में समय आने पर जानकारी मिल जाएगी।’’

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here