रामनगर : कार्बेट नेशनल पार्क का बिजरानी जोन आज से पर्यटकों के लिए खोल दिया गया है। करीब साढ़े तीन महिने से बंद काॅर्बेट का यह जोन देसी-विदेशी पर्यटकों के लिए डे-विजिट के लिए खुला है। बिजरानी के लिए ऑनलाइन एडवांस बुकिंग 10 सितम्बर से 14 अक्टूबर तक के लिए हुई थी। नाइट स्टे के लिए पर्यटक सुबह दस बजे से काॅर्बेट के लिए जाएंगे।
गुरुवार को बिजरानी जोन का गेट फूलों से सजाया गया था। सुबह सात बजे पर्यटक जिप्सियों से बिजरानी गेट पर पहुंचे। इसके बाद पार्क वार्डन आरके तिवारी ने फीता काटकर पर्यटन सत्र का शुभारम्भ किया। पर्यटकों का मुंह मीठा कराकर उन्हें सफारी के लिए रवाना किया गया। सुबह की पाली में निर्धारित तीस जिप्सियों से करीब 160 पर्यटक गए। एक जिप्सी में छह पर्यटकों को ही अनुमति है।