भरतपुर के पूर्व राजघराने का घरेलू विवाद आया सबके सामने, विधायक पिता के खिलाफ बेटे अनिरुद्ध सिंह ने किया ट्वीट, कहा- पिता मां के प्रति हिंसक हो गए हैं

पिछले साल मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के खिलाफ बगावत करने वाले सचिन पायलट खेमे के विधायक और पूर्व मंत्री विश्वेंद्र सिंह के बेटे अनिरुद्ध सिंह ने बगावत का बिगुल फूंक दिया है। इसके साथ ही भरतपुर के पूर्व राजघराने का विवाद खुलकर जनता के सामने आ गया है। अनिरुद्ध सिंह ने ट्वीट करके विश्वेंद्र सिंह पर मां के प्रति हिंसक होने, शराबी होने जैसे कई गंभीर आरोप लगाए हैं।

अनिरुद्ध सिंह ने ट्वीट किया- पिछले 6 सप्ताह से मैं अपने पिता के संपर्क में नहीं हूं। वे मेरी मां के प्रति हिंसक हो गए हैं, कर्ज ले लिया, शराबी हो गए हैं, और जो दोस्त मेरी मदद करते हैं, उनके बिजनेस बर्बाद कर दिए हैं। यह केवल राजनीतिक विचारधाराओं का अंतर नहीं है। एक यूजर को जवाब देते हुए अनिरुद्ध ने लिखा है- मैंने और मेरी मां ने 30 साल मध्यमवर्गीय परिवार के मूल्यों का पालन किया। 30 साल बहुत होते हैं।

विश्वेंद्र सिंह के विरोध में उनकी पत्नी और बेटा

भरतपुर के पूर्व राजघराने में घमासान की खबरें दो महीने से चर्चा का विषय बनी हुई थीं। पहले भरतपुर में दबी जुबान में लोग चर्चाएं कर रहे थे। फिर राजनीतिक हलकों में ये चर्चाएं होने लगीं। अब अनिरुद्ध सिंह के ट्वीट से उन चर्चाओं पर मुहर लग गई है। इस लड़ाई में विश्वेंद्र सिंह वर्सेज उनका बेटा अनिरुद्ध और पत्नी दिव्या सिंह हो गए हैं। बताया जाता है कि 2 माह पहले विश्वेंद्र सिंह और उनके पुत्र के बीच राजनीतिक और पारिवारिक बातों को लेकर खूब झगड़ा हुआ था। इसमें दिव्या सिंह ने बेटे का पक्ष लिया था।

विश्वेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया अकाउंट बंद करवाए

भरतपुर के पूर्व राजघराने में पिता, पुत्र और पत्नी के झगड़े में सियासी वजह भी है। चर्चा थी कि विश्वेंद्र सिंह की इच्छा के खिलाफ अनिरुद्ध ने उनके ट्विटर हैंडल से ऐसे ट्वीट करवाए, जो उनकी पॉलिटिकल लाइन के खिलाफ थे। भरतपुर के पूर्व राजघराने से जुड़े सूत्रों के मुताबिक विश्वेंद्र सिंह उनसे बिना पूछे उनके ट्विटर हैंडल से किए गए ट्वीट्स को लेकर नाराज थे, क्योंकि उनसे विश्वेंद्र सिंह को नुकसान हुआ। बताया जाता है कि कांग्रेस और अशोक गहलोत के खिलाफ किए गए ट्वीट पर विश्वेंद्र सिंह ने बेटे से नाराजगी जताई और इस पर झगड़ा हुआ। बेटे से झगड़े के बाद उन्होेंने अपने ट्विटर, फेसबुक सहित सभी सोशल मीडिया अकाउंट बंद करवा दिए थे।

सियासी मतभेद पारिवारिक मनभेद में बदले

विश्वेंद्र सिंह और अनिरुद्ध सिंह के राजनीतिक विचार मेल नहीं खाते। अनिरुद्ध सिंह इन दिनों खुलकर बीजेपी, नरेंद्र मोदी के पक्ष में ट्वीट करते हैं। पिछले दो साल से अनिरुद्ध का यही ट्रैक रिकॉर्ड रहा है। उनके ट्वीट बीजेपी के पक्ष में और कांग्रेस के खिलाफ होते हैं। विश्वेंद्र सिंह के मंत्री रहते समय भी अनिरुद्ध सिंह के कई ट्वीट से विवाद हुआ। इसका उन्हें सियासी नुकसान भी हुआ। बताया जाता है कि इसे लेकर भी पिता-पुत्र के बीच मतभेद थे। ये मतभेद अब मनभेद में बदल गए हैं। हालांकि विश्वेंद्र सिंह और दिव्या सिंह पहले बीजेपी में थे और उनका हिंदू संगठनों के प्रति भी सॉफ्ट कॉर्नर रहा है। RSS प्रमुख मोहन भागवत जब भरतपुर आए थे, तब विश्वेंद्र सिंह सार्वजनिक रूप से उनसे मिलने गए थे।​​​​​​

विश्वेंद्र सिंह के प्रशंसक नाराज

अनिरुद्ध सिंह की बगावत के बाद विश्वेंद्र सिंह के प्रशसंकों ने नाराजगी जताई है। अनिरुद्ध सिंह के ट्वीट पर रिप्लाई करने वाले ज्यादातर यूजर्स ने अनिरुद्ध सिंह को ​पिता का सम्मान करने की सलाह दी है। कुछ यूजर्स ने लिखा है कि इस तरह पारिवारिक मामलों को सार्वजनिक करना सही नहीं है। भरतपुर के कई यूजर्स ने विश्वेंद्र सिंह के प्रति समर्थन जाते हुए घर का मामला घर में ही सुलझाने की सलाह दी है। कुछ यूजर्स ने इसे संस्कारों के खिलाफ बताया है।

अनिरुद्ध ने 4 घंटे बाद डिलीट किया ट्वीट

अपने पिता के खिलाफ बगावत का ऐलान करने वाले अनिरुद्ध सिंह ने 4 घंटे में ही यू टर्न ले लिया। अनिरुद्ध सिंह के ट्वीट पर जिस तरह विश्वेंद्र सिंह के समर्थन में कमेंट आए और पारिवारिक मामले को सार्वजनिक रूप से उछालने पर यूजर्स आलोचना करने लगे। इसके बाद दोपहर 3 बजे के आसपास अनिरुद्ध सिंह ने ट्वीट ही डिलीट कर दिया। एक महीने पहले कलह के खंडन वाला ट्वीट भी डिलीट कर दिया। निरुद्ध ने ट्वीट भले डिलीट कर दिया हो, लेकिन भरतपुर के पूर्व राजपरिवार की कलह सार्वजनिक हो गई। चार घंटे में जो नुकसान होना था वह हो चुका।

पहले अनिरुद्ध ने परिवार में अनबन को अफवाह कहा था

एक माह पहले अनिरुद्ध सिंह ने सोशल मीडिया पर भरतपुर के पूर्व राजपरिवार में अनबन को लेकर चल रही चर्चाओं को गलत बताया था। अनिरुद्ध ने ट्वीट करके सोशल मीडिया की चर्चाओं को कोरी अफवाह बताया था। आज उसी के उलट अनिरुद्ध ने खुद बगावत का ऐलान कर दिया है। अनिरुद्ध ने अपने पिता पर जिस तरह के आरोप लगाए हैं, उनसे भरतपुर के पूर्व राजपरिवार के अंदरूनी विवाद को पूरी दुनिया के सामने रख दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here