फ्लोरिडा में नस्लीय हमले में तीन लोगों की गोली मारकर हत्या

अमेरिका के फ्लोरिडा में शनिवार को एक जनरल स्टोर में तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इसे नस्लीय हमला बताया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि गोलीबारी करने वाला व्यक्ति भी मर चुका है। उन्होंने कहा कि नस्लीय हमले में हत्या करने का संदेह है, क्योंकि हमलावर अश्वेत लोगों से नफरत करता था। 

पुलिस अधिकारी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि श्वेत हमलावर हमले के बाद खुद को गोली मार ली। शुरुआती जांच में मिले सबूत से पता चलता है कि हमलावर नफरत की विचारधारा से प्रभावित था, जो इस हमले का मुख्य कारण है। हालांकि, जैक्सनविले में इस हमले में कितने लोग घायल हुए, इसके बारे में जानकारी साझा नहीं की गई है।

वहीं, अमेरिका के बोस्टन में शनिवार सुबह प्रसिद्ध बोस्टन परेड के दौरान गोलीबारी हुई। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, गोलीबारी में सात लोग घायल हुए हैं। वहीं, गोलीबारी के कारण परेड को रोकना पड़ा। पुलिस ने बताया कि पीड़ितों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी की हालत स्थिर है। किसी को जान का खतरा नहीं है। पुलिस ने कहा कि इस घटना के बाद दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है और हथियार भी बरामद किए गए हैं।

बोस्टन पुलिस ने पहले बताया कि गोलीबारी जौवर्ट परेड के दौरान हुई, जो शहर के प्रमुख कैरेबियन कार्निवल का हिस्सा है। हालांकि पुलिस आयुक्त माइकल कॉक्स ने बाद में स्पष्ट किया कि गोलीबारी परेड में नहीं बल्कि पास के इलाके में हुई। कॉक्स ने कहा कि गोलीबारी के कारण परेड रोक दी गई थी। हालांकि इसका आयोजन से कोई लेना-देना नहीं था।

जिम्बाब्वे के राष्ट्रपति एमर्सन नंगाग्वा ने दूसरी बार जीता चुनाव
जिम्बाब्वे के राष्ट्रपति एमर्सन नंगाग्वा (Emmerson Mnangagwa) ने दूसरी बार आम चुनाव में जीत दर्ज की है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, राष्ट्रपति नंगाग्वा को शनिवार को दूसरे और अंतिम कार्यकाल के लिए फिर से चुना गया। हालांकि उनकी सत्ताधारी पार्टी जेनयू-पीएफ (ZANU-PF) पर चुनाव में बड़े पैमाने पर धांधली करने के आरोप लगे हैं। राष्ट्रपति के रूप में अपने पहले कार्यकाल के बाद, नंगाग्वा अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी नेल्सन चमीसा (Nelson Chamisa) को हराने के साथ देश की सत्ता पर पकड़ मजबूत कर ली है। जिम्बाब्वे पिछले दो दशकों से विनाशकारी आर्थिक नीतियों का सामना कर रहा है। देश में महंगाई, बेरोजगारी, दवाओं और चिकित्सा उपकरणों की कमी चरम पर है।

पाकिस्तान में खाई में गिरी यात्री वैन, छह की मौत 
पाकिस्तान के मानसेहरा में एक यात्री वैन के बेकाबू होकर खाई में गिर जाने से दो महिलाओं सहित छह लोगों की मौत हो गई और पांच घायल हो गए। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, मानसेहरा के जिला आपातकालीन अधिकारी ने कहा कि वैन बट्टग्राम से मानसेहरा की ओर जा रही थी। इस दौरान चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और वैन खाई में गिर गई। उन्होंने बताया कि वैन में 13 लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद बचाव दल घटनास्थल पर पहुंचा और खाई में से शवों और घायलों को बाहर निकाला।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here