तिहाड़ जेल: टिल्लू हत्याकांड में 80 पुलिस अधिकारियों के तबादले

तिहाड़ जेल में एक माह में दूसरी बार भारी संख्या में अधिकारियों और कर्मचारियों का तबादला किया गया है। शुक्रवार को तिहाड़, रोहिणी और मंडोली जेल के 80 अधिकारियों व कर्मचारियों को अलग अलग जेलों व मुख्यालय में भेजा गया है। जेल प्रशासन इसे सामान्य तबादला बता रहा है लेकिन सूत्रों का कहना है कि टिल्लू ताजपुरिया की हत्या के बाद जेल की छवि को सुधारने के लिए तबादले किए गए हैं।

तिहाड़ जेल संख्या आठ में टिल्लू ताजपुरिया की हत्या होने के बाद सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े हुए थे। जेल की सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए जेल प्रशासन ने इसी माह तिहाड़ में भारी पैमाने पर फेरबदल की थी। इसी माह सभी जेल में तैनात 99 अधिकारियों व कर्मचारियों का तबादला किया था। इसके बाद अब शुक्रवार को 80 अधिकारियों व कर्मचारियों के तबादले को इसी से जोड़ कर देखा जा रहा है। 

जेल प्रशासन के अनुसार 80 अधिकारियों व कर्मचारियों का तबादला तिहाड़ से रोहिणी जेल, रोहिणी जेल से मंडोली जेल और जेल मुख्यालय किया गया है। वहीं मुख्यालय में तैनात कुछ अधिकारियों को जेल में तैनात किया गया है। पांच उपाधीक्षक, नौ सहायक अधीक्षक, आठ मुख्य वार्डर और 58 वार्डर को इधर से उधर किया गया है। जेल अधिकारियों ने इसे सामान्य तबादला बता रहे हैं।

 टिल्लू ताजपुरिया की जेल में हत्या के बाद जेल प्रशासन ने सुरक्षा के लिए कई उपाय किए है। जिसमें गैंगस्टरों का जेल बदलने के साथ साथ क्यूआरटी की तैनाती, खुले जगहों पर जाल लगाने और बैरक में लगे लोहे के रॉड की जांच कर कमजोर रॉड को बदलने का काम किया जा रहा है। जेल अधिकारियों का कहना है कि जेल की सुरक्षा व्यवस्था को चुस्त दुरुस्त करने के लिए कई उपाय किए जा रहे हैं। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here