मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 11 साल का कार्यकाल भारत के इतिहास में स्वर्णिम काल के रूप में दर्ज होगा। इस दौरान पीएम मोदी ने भारत को विश्व मानचित्र पर एक नई पहचान दिलाई है। पूर्व में कांग्रेस और अन्य अस्थिर सरकारों के समय आम जनता का विश्वास खो चुका था तथा भारत की वैश्विक छवि प्रभावित हुई थी। पीएम मोदी के भ्रष्टाचार मुक्त, तुष्टिकरण रहित और परिवारवाद से ऊपर उठे नेतृत्व ने देश को आत्मनिर्भर और विकसित बनाते हुए अगले 25 वर्षों के लिए ठोस योजनाएं प्रस्तुत की हैं। इन 11 वर्षों में सामाजिक, सांस्कृतिक, सेवा और सुशासन के साथ-साथ आर्थिक क्षेत्र में भी देश ने अपनी पहचान मजबूत की है।
उन्होंने बताया कि शासन की नीति में पारदर्शिता, स्पष्टता और जनता के प्रति जवाबदेही को प्राथमिकता दी गई है। विकास केवल एक नारा नहीं रहा, बल्कि विरासत और विकास का संतुलन स्थापित कर भारत ने विश्व में एक नया मुकाम हासिल किया है। अब सरकारी योजनाओं का लाभ जाति या चेहरे से नहीं, बल्कि जरूरत के आधार पर दिया जाता है। मुख्यमंत्री योगी यह बात भाजपा मुख्यालय में पीएम मोदी के 11 वर्ष पूरे होने पर मीडिया से बातचीत के दौरान कह रहे थे।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि पिछले 11 वर्षों में राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रति प्रतिबद्धता और आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस का भाव देखा गया है। यह वह अवधि है जब भारत की सामरिक शक्ति ने पूरे विश्व का ध्यान आकर्षित किया है। पाकिस्तान के मुकाबले अब भारत की सैन्य ताकत विश्वसनीय मानी जाती है। यदि कोई देश भारत पर आक्रमण करेगा, तो उसे सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसे कड़े जवाब मिलेंगे। भारत अब शांति का दावा करने वाला देश मात्र नहीं रहा, बल्कि अपनी सुरक्षा के लिए सख्त कदम उठाने वाला राष्ट्र बन गया है।
भारत को ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के रूप में स्थापित किया गया
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि इन 11 वर्षों में भारत को ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के रूप में स्थापित किया गया है। इस अवधि में पंच प्रण और 11 संकल्प के तहत विकास के मजबूत आधार रखे गए हैं। समावेशी विकास की नीति को लागू किया गया और नई संरचनात्मक विकास योजना बनाई गई। तकनीक का उपयोग कर भ्रष्टाचार को नियंत्रित किया गया है। पिछले 11 वर्षों में तकनीकी प्रगति ने वह हासिल किया जो पिछले 65 वर्षों में संभव नहीं था। उन्होंने कहा कि वंशवाद, परिवारवाद और जातिवाद जैसी राजनीति से बचना आवश्यक है, क्योंकि ये देश के लिए नुकसानदेह हैं। मोदी सरकार ने महिलाओं के नेतृत्व को भी बढ़ावा दिया है।
सामाजिक न्याय के साथ आर्थिक मजबूती पर भी ध्यान
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में आरक्षण को पूरी सुरक्षा मिली है और सामाजिक न्याय सुनिश्चित किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने पिछले 11 वर्षों में चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने का गौरव हासिल किया है। ब्रिटेन को भी पीछे छोड़ते हुए भारत ने प्रति व्यक्ति आय को दोगुना किया है और निर्यात में कई गुना वृद्धि की है। भारत की विकास दर के अनुसार, 2027 तक यह विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा।
देश की सांस्कृतिक विरासत को विकास से जोड़ा
उन्होंने यह भी बताया कि मोदी सरकार ने देश की सांस्कृतिक और धार्मिक धरोहरों को नई पहचान दी है। अयोध्या में 500 वर्षों बाद राम मंदिर का निर्माण सम्पन्न हुआ और देश के अन्य प्रमुख तीर्थस्थलों का नवीनीकरण किया गया। अयोध्या को विश्वभर में एक धार्मिक नगरी के रूप में स्थापित किया गया है। साथ ही, सरदार पटेल और नेताजी सुभाष चंद्र बोस की भव्य प्रतिमाएं स्थापित कर उन्हें सम्मानित किया गया। मोदी सरकार ने विकास के साथ देश की विरासत को जोड़ने का प्रयास किया है।
मुख्यमंत्री योगी का सोशल मीडिया पर बयान
इसके अलावा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर भी कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, आयुष्मान भारत, जन धन योजना और उज्ज्वला योजना जैसी योजनाओं ने आम जन के जीवन को बेहतर बनाया है। इन पहलों ने वंचितों को सशक्त और व्यवस्था को प्रभावी बनाया है। विरासत से विकास तक, मेट्रो की गति से सस्ती और सुगम हवाई यात्रा तक, वंदे भारत ट्रेनों से नए राजमार्गों तक, देश हर क्षेत्र में विकास की नई कहानी लिख रहा है। इन 11 वर्षों ने आस्था, अस्मिता, आजीविका और अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में भारत को महाशक्ति बनने की राह पर अग्रसर किया है।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में कार्यक्रमों की तैयारियां
इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष ने केंद्र सरकार के 11 साल पूरे होने पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों के लिए पार्टी पदाधिकारियों से चर्चा की। प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने बताया कि सभी जिला कार्यालयों पर प्रदर्शनी लगाई जाएगी। 10 और 11 जून को ‘सशक्त भारत – सुरक्षित भारत’ विषय पर पेशेवर मीटिंग और ‘बदलता भारत – मेरा अनुभव’ विषय पर डिजिटल प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। 12 से 14 जून तक मंडल स्तर पर ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ और 21 जून को योग शिविर आयोजित किए जाएंगे।
शक्ति केंद्र पर चौपाल लगाकर केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही, 70 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों का आयुष्मान कार्ड के लिए पंजीकरण भी किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में केंद्रीय मंत्री, राष्ट्रीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और पार्टी के सभी स्तर के पदाधिकारी भाग लेंगे।