ब्लॉगर रितिका हत्याकांड में दो फरार आरोपी गिरफ्तार, मृतका का मोबाइल बरामद

आगरा। फैशन ब्लॉगर रितिका हत्याकांड में फरार दो आरोपियों चेतन और अनवर भी पुलिस की गिरफ्त में आ गए। उनसे हत्यारोपी आकाश और मृतका रितिका का मोबाइल भी बरामद कर लिया गया। शुक्रवार को दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिए गए। 24 जून को ताजगंज स्थित ओमश्री प्लेटिनम अपार्टमेंट में रहने वाली रितिका सिंह की चौथी मंजिल से फेंककर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद ही रितिका के पति आकाश गौतम को दो महिलाओं सहित पकड़ लिया गया था। तीनों को जेल भेजा गया था। आकाश के साथ चेतन और अनवर फरार हो गए थे। वह टूंडला के रहने वाले हैं। उनके पास रितिका और आकाश का मोबाइल भी था। पुलिस दोनों की तलाश में दबिश दे रही थी। सीओ सदर अर्चना सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार रात को चेतन और अनवर को गिरफ्तार कर लिया गया। उनसे थाने लाकर पूछताछ की गई। 

पुलिस पूछताछ में उन्होंने बताया कि आकाश का दोस्त चेतन है। चेतन की दोस्ती अनवर से थी। चेतन का कहना था कि आकाश ने उसे बताया था कि ताजगंज में उसका एक फ्लैट है। इस पर कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया है। वह उनसे फ्लैट खाली कराना चाहता है। चेतन के कहने पर ही अनवर भी आ गया था। 

पुलिस ने बताया कि चेतन और अनवर से आकाश और रितिका के मोबाइल भी बरामद किए गए हैं। इनकी जांच की जाएगी। यह देखा जाएगा कि घटना के समय का कोई वीडियो तो मोबाइल में नहीं है। इनको फोरेंसिक लैब जांच के लिए भेजा जाएगा। कुछ फोटोग्राफ रितिका के मिले हैं।

पुलिस की पूछताछ में चेतन ने यह भी बताया कि वह अपने मोबाइल से घटना का वीडियो बनाना चाहता था, लेकिन बना नहीं सका था। बाद में उसने अपना मोबाइल फेंक दिया। इस कारण पुलिस बरामद नहीं कर सकी है।

चेतन ने बताया कि वह आकाश और रितिका के मोबाइल लेकर भाग गया था। चेतन सामान की डिलीवरी करने का काम करता है, जबकि अनवर मजदूरी करता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here