उप्र भाजपा अध्यक्ष ने खतौली उपचुनाव भारी बहुमत से जीतने का दावा किया

मुजफ्फरनगर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद भूपेंद्र चौधरी पहली बार जिले में आए। गांधीनगर स्थित पार्टी कार्यालय पर उनका कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। पदाधिकारियों से संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि विपक्षी दल बेरोजगारी का हल्ला मचा रहे हैं, लेकिन सच्चाई यह है कि देश में नौजवान बेरोजगार नहीं है। बल्कि कांग्रेसी, सपाई, बसपाई, चोर और बदमाश बेरोजगार हैं।

उन्होंने कहा कि सपा 30 सालों में केवल मुलायम सिंह यादव, अखिलेश यादव और डिंपल तक ही पहुंच पाई हैं, जबकि भाजपा में 7- 8 राष्ट्रीय अध्यक्ष व प्रदेश अध्यक्ष बदले हैं। भाजपा ने चुनाव में किए सभी वादे पूरे किए हैं। कश्मीर से धारा 370 हटने के बाद विकास की राह आसान हुई है। अब कश्मीर में पत्थरबाजी नहीं होती। अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण हो रहा है। बिजली वितरण में पारदर्शी व्यवस्था लागू है। पहले केवल इटावा, रामपुर, अमेठी, रायबरेली, लखनऊ में बिजली आती थी, लेकिन अब पूरे प्रदेश में समान रूप से बिजली आ रही है। दिल्ली व सहारनपुर जाने में पहले घंटों लगते थे, लेकिन अब हाईवे का विस्तार हो गया है। अन्य हाईवे भी बनाए गए हैं।

भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि लाल और हरी टोपी वाले विकास में बाधक बने हुए हैं। विकास रोकने को सड़क जाम और धरने प्रदर्शन करते हैं। उन्होंने कहा कि खेती पेट भर सकती है, लेकिन रोजगार के लिए उद्योग की ओर जाना ही होगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सपा सरकार में हर माह दंगे होते थे, लेकिन जब से भाजपा सत्ता में आई है तब से अपराध और भ्रष्टाचार न्यूनतम स्तर पर है। खतौली सीट से उपचुनाव और निकाय चुनाव में टिकट मांगने वालों की ओर इशारा करते हुए कहा कि नेता बगैर चुनाव लड़े भी बन सकते हैं। इसका प्रत्यक्ष उदाहरण में हूं। मैंने कभी प्रधानी का चुनाव भी नहीं जीता और आज प्रदेश अध्यक्ष हूं।

भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल ने कहा कि देश प्रदेश में भाजपा के प्रति अपार उत्साह व स्नेह है। उपचुनाव की सभी सीटें भाजपा जीतेगी और निकाय चुनाव में भी कीर्तिमान स्थापित करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता और पदाधिकारी चुनाव में मेहनत से जुड़ जाएं। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here