शिंजो आबे के प्रति हमारे दिल में गहरा सम्मान, कल एक दिन का रहेगा राष्ट्रीय शोक: पीएम मोदी

जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की शुक्रवार को देश के पश्चिमी इलाके में चुनावी कार्यक्रम के दौरान एक हमलावर ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस हत्या के बाद हर तरफ शोक का माहैल है। शिंजो आबे के निधन पर भारत में एक दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया है। इस सब के बीच कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की हत्या पर दुख जताया है। उन्होंनें कहा कि कई वर्षों तक आबे भारत के एक महान मित्र और शुभचिंतक रहे। उन्होंने हमारे दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को विस्तार और गहरा करने के लिए बहुत कुछ किया। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष ने आगे कहा कि मुझे उनके साथ अपनी मुलाकात बहुत ही प्यार और स्पष्ट रूप से याद है। यह एक बहुत बड़ा दुर्भाग्य है जो जापान और वास्तव में पूरे अंतरराष्ट्रीय समुदाय पर पड़ा है। उनकी कमी खलेगी।

इससे पहले कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट कर लिखा कि जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के निधन से गहरा दुख हुआ। उन्होंने आगे लिखा कि भारत और जापान के बीच सामरिक संबंधों को मजबूत करने में उनकी भूमिका सराहनीय थी। वह हिंद-प्रशांत में एक स्थायी विरासत छोड़ गए हैं। उनके परिवार और जापान के लोगों के प्रति मेरी संवेदनाएं। वहीं, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने लिखा कि जापान के पूर्व पीएम शिंजो आबे की हत्या चौंकाने वाली और दुखद है। हिंसा कायरों की भाषा है, यह कभी भी अच्छे पर हावी नहीं हो सकती। श्री आबे एक असाधारण इंसान थे, उनका तरीका शांति और दया का था। यह दुनिया उसे उस असाधारण जीवन के लिए याद रखेगी जो उन्होंने जिया था।

मेरे ‘प्रिय मित्रों’ में एक शिंजो आबे के निधन से दुखी हूं: प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शिंजो आबे के निधन पर गहरा शोक जताया और कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन जापान और दुनिया को एक बेहतर स्थान बनाने में समर्पित कर दिया। मोदी ने आबे के प्रति गहरे सम्मान के प्रतीक के तौर पर नौ जुलाई को एक दिन का राष्ट्रीय शोक रखे जाने की भी घोषणा की। मोदी ने एक के बाद एक किए गए ट्वीट में कहा कि मेरे प्रिय मित्रों में शुमार शिंजो आबे के दुखद निधन से मैं हैरान और दुखी हूं और इसे व्यक्त करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं। वह एक शीर्ष वैश्विक राजनेता, एक उत्कृष्ट नेता और एक अद्भुत प्रशासक थे। उन्होंने जापान और विश्व को एक बेहतर स्थान बनाने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here