पहलवान द ग्रेट खली भाजपा में शामिल

नई दिल्ली: पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले मशहूर रेसलर द ग्रेट खली भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं। पंजाब में खली की लोकप्रियता को देखते हुए ये भाजपा की बड़ी कामयाबी मानी जा रही है। बता दें कि कृषि कानूनों की वजह से पंजाब के एक बड़े हिस्से में भाजपा के प्रति नाराजगी महसूस की जा सकती है। ऐसे में भाजपा मतदाताओं को लुभाने के लिए खली की लोकप्रियता को भुना सकती है।

भारतीय जनता पार्टी से जुड़ने के बाद ग्रेट खली ने बयान जारी कर कहा है कि- भाजपा की नीति भारत को आगे बढ़ाने की है, इससे प्रभावित होकर मैं पार्टी में शामिल हुआ हूं। भाजपा जहां भी मेरी ड्यूटी लगाएगी मैं कोशिश करूंगा कि खरा उतरूं।

बता दें कि पंजाब में इस बार भी 20 फरवरी को एक चरण में चुनाव होंगे। पंजाब विधानसभा का कार्यकाल 27 मार्च 2022 को खत्म हो रहा है। पिछला विधानसभा चुनाव फरवरी 2017 में हुआ था। जबकि चुनाव परिणाम 11 मार्च 2017 को घोषित किए गए थे, जिसमें कांग्रेस ने पूर्ण बहुमत हासिल किया। 117 सीटों वाले पंजाब में 2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस 77 सीटें जीतकर दस साल बाद सत्ता में लौटी जबकि अकाली दल-बीजेपी गठबंधन केवल 18 सीटों पर सिमट गया था। आम आदमी पार्टी 20 सीट जीतकर मुख्य विपक्षी दल बनी।

कैप्टन अमरिंदर सिंह को मुख्यमंत्री नियुक्त किया गया लेकिन पिछले साल सितंबर में कांग्रेस ने कैप्टन अमरिंदर को हटाकर चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री बना दिया। पंजाब में किसी भी दल या गठबंधन को सरकार बनाने के लिए 59 सीटों का आंकड़ा हासिल करना होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here