यूपी में योगी ने कानून व्यवस्था को पटरी पर लाने का काम किया: राणा

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के शामली जिले की थानाभवन विधानसभा सीट से दूसरी बार विधायक बने राज्य के गन्ना मंत्री सुरेश राणा ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को पटरी पर लाने का काम किया है।
गन्ना मंत्री राणा यहां कस्बा रामपुर मनिहारान में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था बेहत्तर होने पर लोगों में सुरक्षा का भाव जगा है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था इतनी अच्छी है कि अब हमारी बहु-बेटियां और छात्राएं उन्मुक्त भाव से सड़कों पर निकलकर अपना कामकाज कर रही है।
उन्होंने कहा कि रामपुर मनिहारान शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी स्थान रखता है। उन्होंने भरोसा जताया कि विकास और कानून व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए विधानसभा के आगामी चुनावों में प्रदेश की जनता फिर से भाजपा को सत्ता सौंपेंगी और योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री बनेंगे।
बैठक में पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष जसवंत सैनी, विधायक देवेंद्र निम, जिला सहकारी विकास संघ के चेयरमैन कृष्ण पुंडीर, नानौता देहात के प्रधान पति अनुराग राणा,भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष मोहर सिंह पुंडीर, अरविंद सिसोदिया, भाजपा मेरठ प्रांत के नवनियुक्त उपाध्यक्ष मनोज गोसवाल और कार्यक्रम संजोजक डा. विक्रम पंवार और विनोद पंवार ने अपने अपने विचार व्यक्त किए।
गौरतलब है कि रामपुर मनिहारान सहारनपुर जिले की ऐसी विधानसभा सीट है जिस पर भाजपा को 22 साल बाद 2017 के चुनाव में जीत मिली थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here