झारखंड : सरकार दो लाख तक का कृषि कर्ज करेगी माफ

RANCHI: दो दिवसीय दौरे पर बेरमो आए वित्त मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव ने ऐलान किया कि राज्य के किसानों का दो लाख तक का कृषि कर्ज माफ किया जाएगा। किसी का 25 हजार है तो किसी का 60 हजार रुपये है, ऐसे में हिसाब बैठाया जा रहा है। किसानों के आंकड़े तैयार होते ही कर्ज माफी की घोषणा कर दी जाएगी। इसके लिए हमारे पास पैसे का जुगाड़ हो गया है।

25 फीसदी से विधायक फंड के काम शुरू : 

वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव ने कहा कि भाजपा की सरकार के कारण राज्य का खजाना खाली हो गया था अब स्थिति में सुधार हो रहा है। राज्य में विधायक फंड में रोक थी। अब धीरे-धीरे कर यह आरंभ हो रहा है। फंड का 25 फीसदी यानी सवा करोड़ से विकास कार्य शुरू हो रहे हैं। दिसंबर तक इसे 75 फीसदी तक ले जाना है तथा इसके बाद पूरे 100 फीसदी किया जाएगा।

100 यूनिट तक बिजली मुफ्त में दी जाएगी

वित्त मंत्री ने कहा कि सभी को 100 यूनिट तक बिजली नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए भी काम चल रहा है। सरकार जो-जो कह रही है, उसे हर हाल में पूरा करेगी।

2500 करोड़ जीएसटी भरपाई का लौटाए

रामेश्वर उरांव ने कहा कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश केन्द्र सरकार से मिली राशि को लेकर श्वेत पत्र की मांग कर रहे हैं, उनको वित्त विभाग में ही बिठा देते हैं। पहले हमारा तो हिसाब क्लीयर किया जाए। जीएसटी भरपाई का 2500 करोड़ रुपए केन्द्र सरकार झारखंड को लौटाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here