दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार शाम अचानक मौसम बदल गया। पहले धूलभरी आंधी चली फिर हुई बारिश से लोगों को दिन भर की तपश से राहत का अहसास हुआ। ऑफिस व कंपनियों से छुट्टी के समय हुई बारिश के कारण सड़क पर ट्रैफिक जाम का सामना भी लोगों को करना पड़ा।
दिन में तापमान रहा 40 के पार
आसमान से बरसती आग व गर्म हवाओं के थपेड़ों ने शुक्रवार को भी लोगों को बेहाल किया। दिनभर गर्म हवाओं की चुभन से लोग परेशान दिखे। दिन का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार रहा। भीषण गर्मी में लोग घर से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पाए। ऐसे में बाजारों में चहल-पहल भी कम रही।
वहीं, शाम आते-आते मौसम ने करवट लेनी शुरू किया। तेज ठंडी हवाओं ने मौसम को सुहाना बना दिया। ऐसे में कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हुई। इससे लोगों को गर्मी से हल्की राहत मिली। इस दौरान अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस रहा, यह सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 21.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया।विज्ञापन
शनिवार को भी बारिश के आसार
दिल्ली में शनिवार को एक बार फिर मौसम करवट ले सकता है। मौसम विभाग ने कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई हैं। इस दौरान तेज सतही हवाएं 25 से 35 किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से चलने का अनुमान है। ऐसे में लोगों को गर्मी से राहत मिलनी की उम्मीद है। इस दौरान अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
मुंगेशपुर में 40 के पार पारा पहुंचा
मौसम विभाग के मुताबिक मुंगेशपुर इलाका सर्वाधिक गर्म रहा। यहां अधिकतम 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पूसा व पीतमपुरा में 42.0, नजफगढ़ में 41.9, रीज में 41.7 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया।