आगरा में दिवाली पर थाना छत्ता के जीवनी मंडी क्षेत्र के मस्ता की बगीची में भरे बाजार में युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। हत्याकांड से क्षेत्र में दहशत का माहौल हो गया। परिजनों ने कुछ लोगों पर आरोप लगाकर हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया।
घटना थाना छत्ता क्षेत्र मस्ता की बगीची की है। युवक विशाल सिंह शनिवार दोपहर दिवाली के त्योहार के खरीदारी के लिए आया था। सब्जी मंडी पर कुछ युवकों ने उसे घेर लिया और चाकू से हमला कर दिया। भरे बाजार में हुई चाकूबाजी से अफरातफरी और दहशत फैल गई।
विशाल को लहूलुहान हालत में सड़क पर छोड़कर हमलावर वहां से चाकू दिखाते हुए भाग निकले। युवक की मौके पर मौत हो गई। हत्या की सूचना पर सीओ छत्ता और थाने की फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।