आईएमडी का अलर्ट: उत्तर भारत समेत कई राज्यों में मूसलधार बारिश के आसार

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले छह से सात दिनों के दौरान उत्तर भारत के कई राज्यों में अत्यधिक बारिश की चेतावनी दी है। विभाग के अनुसार, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। साथ ही मॉनसून इन क्षेत्रों के अलावा मध्य और पूर्वी भारत में भी सक्रिय बना रहेगा।

मध्य, पूर्व और पश्चिम भारत में भी वर्षा की चेतावनी

मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और झारखंड के लिए भी भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। साथ ही मध्य प्रदेश, ओडिशा और झारखंड के कुछ इलाकों में मूसलाधार बारिश की संभावना जताई गई है।

इसके अतिरिक्त, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र और गुजरात के कुछ हिस्सों में भी भारी से अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। वहीं, सौराष्ट्र और कच्छ क्षेत्र में अगले एक सप्ताह तक निरंतर तेज बारिश की संभावना है। उत्तर-पूर्व भारत, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, केरल और कर्नाटक के विभिन्न क्षेत्रों में भी वर्षा की चेतावनी दी गई है।

जुलाई में सामान्य से अधिक बारिश की संभावना

IMD ने सोमवार को जानकारी दी कि जुलाई माह में देश के कुछ हिस्सों में सामान्य से अधिक वर्षा हो सकती है। इसके साथ ही मध्य भारत, उत्तराखंड और हरियाणा में बाढ़ जैसी स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग ने प्रशासन और स्थानीय लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। हालांकि, पूर्वोत्तर, पूर्वी और दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में इस बार सामान्य से कम बारिश होने की आशंका है।

जलाशयों और नदियों पर रखनी होगी खास नजर

मौसम विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि मध्य भारत तथा उससे सटे दक्षिणी क्षेत्रों में अच्छी बारिश की संभावना है। इसमें पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, विदर्भ, गुजरात, महाराष्ट्र और तेलंगाना के क्षेत्र शामिल हैं। उन्होंने कहा कि गोदावरी, महानदी और कृष्णा जैसी नदियों के जलग्रहण क्षेत्रों में जलस्तर पर नजर रखना आवश्यक होगा।

महापात्रा ने बताया कि छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश को कवर करने वाले क्षेत्रों में सामान्य से अधिक वर्षा हो सकती है, जिससे महानदी जैसी नदियों में जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है।

शहरों और नदियों के किनारे बसे क्षेत्रों के लिए चेतावनी

उत्तराखंड और हरियाणा में भी भारी वर्षा की संभावना व्यक्त की गई है, जिससे दिल्ली सहित कई शहर प्रभावित हो सकते हैं। उत्तराखंड से बहने वाली अनेक नदियों के कारण इनके निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग ने आम नागरिकों और प्रशासन से सतर्कता बरतने और तैयारी रखने की अपील की है, ताकि आपदा की स्थिति में नुकसान को टाला जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here