दिल्ली के आदर्श नगर में महिला दोस्त को चाकू मारने का आरोपी अंबाला से गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने अंबाला से सुखबिंदर सिंह को गिरफ्तार किया है। सुखबिंदर पर अपनी महिला दोस्त के ऊपर चाकू से हमला करने का आरोप है। आरोपित सुखबिंदर दिल्ली में वारदात करने के बाद अंबाला में छिपा हुआ था। दिल्ली पुलिस की टेक्निकल टीम की मदद से अंबाला में आरोपित की लोकेशन मिली।

इस मामले में दिल्ली पुलिस मंगलवार देर रात्रि को पहुंची थी, इसके बाद सुबह आरोपित को गिरफ्तार कर दिल्ली ले जाया गया। दरअसल दिल्ली के आदर्श नगर क्षेत्र में सोमवार को एक युवक ने ब्रेकअप के चलते अपनी महिला दोस्त पर चाकुओं से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था।

आरोपित ने छह बार चाकुओं से हमला किया। यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। जिसका वीडियो अब वायरल हो रहा है।  इस घटना में घायल लड़की को दिल्ली के बाबू जगजीवन राम अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसकी हालत स्थिर बनी हुई है।

गौरतलब है कि पीड़ित लड़की दिल्ली यूनिवर्सिटी में बीए की पढ़ाई कर रही थी इसी दौरान आरोपित की लड़की से दोस्ती हुई। मगर लड़की के परिवार को यह रिश्ता मंजूर नहीं था, ऐसे में लड़की ने खुद को अलग करना शुरू कर दिया। बस इसी बात से खफा होकर सुखबिंदर ने लड़की को दिल्ली में धोखे से बाहर बुलाया था चाकुओं से हमला कर दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here