बिना भेदभाव किए कराया क्षेत्र का सर्वांगीण विकास: डॉ. सोमेंद्र तोमर

मेरठ। मेरठ दक्षिण के भाजपा विधायक डॉ.सोमेंद्र तोमर ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उप्र को उत्तम प्रदेश बना दिया है। उन्होंने भी मेरठ दक्षिण क्षेत्र में बिना भेदभाव के सर्वांगीण विकास कराया है। प्रदेश में विकास कार्यों की गंगा बह रही है। इसी की बदौलत 2022 में भाजपा को प्रचंड बहुमत हासिल होगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार को साढ़े चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार को होटल ओलिविया में मेरठ दक्षिण विधायक डॉ.सोमेन्द्र तोमर ने प्रेस वार्ता का आयोजन किया। विधायक डॉ.सोमेन्द्र तोमर ने प्रदेश सरकार के साथ-साथ मेरठ दक्षिण विधानसभा में साढ़े चार साल में हुए कार्याें का ब्योरा दिया।

विधायक ने कहा कि मेरठ विकास प्राधिकरण की तीन योजना लोहियानगर, वेदव्यासपुरी व गंगानगर के किसानों की समस्याओं का निवारण कर उन्हें बढ़े हुए प्रतिकर की धनराशि के चेक वितरित कराएं। भगवान विश्वामित्र की तपोस्थली गगोल तीर्थ के लिए शासन से 89 लाख़ की धनराशि स्वीकृत कराकर वहां विकास कार्य करायें। पर्यटन विभाग द्वारा जागृति विहार स्थित मां मंशा देवी मन्दिर में सौन्दर्यीकरण का कार्य कराया। गांवों में पंचायत घरों का निर्माण कराया।

विधायक ने कहा कि 2018-19 में त्वरित आर्थिक विकास योजना के अन्तर्गत विधानसभा में 05 करोड़ की धनराशि से सड़क निर्माण कार्य कराएं। निर्धन एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बीमारियों के उपचार हेतु मुख्यमंत्री राहत कोष से वर्ष 2017-2021 तक 58 लाख 77 हजार की धनराशि स्वीकृत कराई। नगर निगम, मेरठ द्वारा निगम कोष, अवस्थापना निधि, 14वें वित्त एवं 15वें वित्त से 133 करोड़ 54 लाख के विकास कार्य कराए। मेरठ में हवाई उड़ान, ग्राम गगोल में राजकीय आईटीआई, इंटर कॉलेज, शहीद स्मारक, ग्राम फफूण्डा में राजकीय इंटर कॉलिज, मिनी खेल स्टेडियम, श्रमिकों के लिए ईएसआई अस्तपाल की स्थापना, शताब्दीनगर योजना व जागृति विहार के किसानों का अवरोध दूर कराना आदि कार्यों के लियें लगातार प्रयासरत है।

इस दौरान दक्षिण विधानसभा प्रभारी संजय अग्रवाल, भाजपा महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल, महानगर महामंत्री अरविन्द्र गुप्ता मारवाड़ी, क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष बिजेन्द्र अग्रवाल, कमलदत्त शर्मा, शिप्रा रस्तौगी, अन्जु वारियर, भाजयुमो महानगर अध्यक्ष अंकुर कुशवाह, महानगर उपाध्यक्ष डॉ.वकुल रस्तौगी आदि उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here