हापुड़: पहले की नाबालिग से छेड़छाड़, विरोध करने पर चार हैवानों ने पिला दिया तेजाब

हापुड़ के थाना देहात क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग किशोरी के साथ अमानवीय घटना का मामला सामने आया है। आरोप है कि छेड़छाड़ का विरोध करने पर कुछ युवकों ने घर में घुसकर किशोरी को कथित तौर पर तेजाब जैसा पदार्थ पिला दिया। घटना के बाद उसकी हालत गंभीर हो गई, जिसके चलते परिजनों ने उसे तुरंत गढ़ रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
पीड़िता के भाई की तहरीर के आधार पर पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
छेड़छाड़ के विरोध से शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी युवक ने शिकायत में बताया कि पड़ोस में रहने वाले कादिर और नाजिम उसकी बहन को कुछ दिनों से परेशान कर रहे थे। आरोप है कि दोनों युवक दूध डेयरी पर आने-जाने के दौरान उसका पीछा करते थे और छेड़छाड़ करते थे। इस बात की जानकारी जब बहन ने घर आकर दी तो परिजनों ने विरोध जताया।
इसी रंजिश को लेकर सोमवार को दोपहर के बाद आरोपियों द्वारा विवाद बढ़ाने का आरोप है। शिकायत में कहा गया है कि आरोपी घर में घुस आए और गाली-गलौज करने लगे।
घर में घुसकर की गई वारदात का आरोप
परिजनों का आरोप है कि इसके बाद चार लोग घर की छत पर पहुंचे, जहां नाबालिग किशोरी मौजूद थी। इसी दौरान उसे कथित रूप से तेजाब जैसा पदार्थ पिला दिया गया। घटना के समय शिकायतकर्ता घर से बाहर था, और जब वह वापस लौटा तो उसे घटना की जानकारी दी गई।
पीड़िता ने बयान में बताया कि कादिर और नाजिम ने उसे पीछे से पकड़कर यह पदार्थ पिलाया, जिसके बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। इस दौरान अब्दुल्ला और सलीम के भी मौके पर मौजूद होने का आरोप लगाया गया है।
हालत गंभीर, अस्पताल में भर्ती
घटना के बाद किशोरी की हालत बिगड़ती चली गई, जिसके बाद परिजनों ने उसे गढ़ रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार, उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है और इलाज जारी है।
पुलिस जांच में जुटी
मामले में सीओ अनीता चौहान ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर कादिर, नाजिम, अब्दुल्ला और सलीम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.