अमित शाह की सुरक्षा में बड़ी चूक, आसपास घंटों घूमता दिखा शख्स

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हाल में ही मुंबई दौरे पर थे। अपने दौरे के दौरान अमित शाह ने कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। इस दौरान उनकी सुरक्षा में चूक का मामला भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि एक शख्स अमित शाह के आसपास काफी देर तक घूमता रहा। बाद में इस शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के मुताबिक गिरफ्तार शख्स को आंध्र प्रदेश के एक सांसद का पीए बताया जा रहा है। जिस शख्स को गिरफ्तार किया गया है, वह महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के आवास के आसपास देखा गया था। गिरफ्तार शख्स की पहचान 32 वर्षीय हेमंत पवार के रूप में हुई है। आंध्र प्रदेश के एक सांसद का निजी सचिव बताया जा रहा है। हालांकि, उसने गृह मंत्रालय की आईकार्ड लगा रखी थी। इसके लिए वह अधिकृत नहीं था।

गृह मंत्रालय का कार्ड पहनकर वह अमित शाह के आसपास कई घंटों तक घूमता रहा। गृह मंत्रालय के अधिकारियों को जब इसकी भनक लगी तो उन्होंने पुलिस से शिकायत की। बाद में पुलिस ने इसकी तलाशी शुरू कर दी। 3 घंटे बाद ही पुलिस ने उसे खोज निकाला और जब वह अपने घर धुले से बाहर निकल रहा था तो उसे पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि वह आंध्र प्रदेश के सांसद का पीए हैं। उसके पास संसद का पास भी है। लेकिन उसने गृह मंत्रालय का बैंड हाथ में पहन रखा था, इसके लिए वह कहीं से भी अधिकृत नहीं है। इसका इस्तेमाल करने के लिए उसे सजा भी हो सकती है। पुलिस ने इस बात की आशंका जताई है कि हेमंत खुद को बड़ा दिखाने की कोशिश कर रहा था। शायद वह यह बताना चाहता था कि लोग जाने की वह नेताओं के बेहद करीबी है और गृह मंत्रालय के लिए काम करता है।

अमित शाह के काफिले की वजह से रुकी एंबुलेंस!

मुंबई यातायात पुलिस ने उन आरोपों को खारिज किया कि अमित शाह के काफिले के गुजरने के दौरान एक एंबुलेंस को रोका गया था। पुलिस ने साफ तौर पर कहा कि एंबुलेंस में कोई आपात स्थिति वाला रोगी नहीं था और तकनीकी खराबी के कारण उसका सायरन बजता रहा। शाह की महाराष्ट्र यात्रा के एक दिन बाद इसके वीडियो और तस्वीरें सामने आईं, जिसमें शाह के काफिले के गुजरने के दौरान उपनगर अंधेरी में यातायात में एंबुलेंस इंतजार करती दिख रही है। वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद कई यूजर ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और ‘‘वीआईपी संस्कृति’’ की आलोचना की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here